
बच्चे की मां गुरप्रीत (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Meerut: मेरठ के रामराज क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध रखने वाले युवक पर उसके सात साल के बेटे की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले मासूम का अपहरण किया और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को हस्तिनापुर के जंगल में फेंक दिया। करीब 25 घंटे बाद बच्चे का शव बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया।
रामराज गांव निवासी गुरसेवक विदेश में नौकरी करते हैं और फिलहाल दुबई में रह रहे हैं। परिवार के अनुसार, उनका सात वर्षीय बेटा अंगदवीर कुछ दिन पहले अपनी दादी के साथ गांव आया था। मंगलवार सुबह वह घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी अर्पित शर्मा कार लेकर वहां पहुंचा और बच्चे को अपने साथ ले गया। काफी देर तक बच्चा वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक बच्चे को कार में बैठाकर ले जाता दिखाई दिया। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी अर्पित शर्मा तक पहुंची। पूछताछ में पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने कथित रूप से अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अर्पित शर्मा और बच्चे की मां गुरप्रीत एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों के बीच नजदीकियां थी और इलाके में भी उनके संबंधों की चर्चा भी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला का विवाह पहले से हो चुका था और उसके पति ने तलाक देने से इनकार कर दिया था। पुलिस फिलहाल इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर हस्तिनापुर क्षेत्र के भद्रकाली जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। एनडीआरएफ की मदद से की गई, तलाश के दौरान बुधवार दोपहर बच्चे का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे की मौत गला दबाने से हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बच्चे की दादी ने बताया कि वह अपने पोते के साथ पटियाला में रहती थी और उसकी पढ़ाई वहीं चल रही थी। कुछ दिन पहले ही दोनों गांव आए थे। मंगलवार को बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि उसके साथ इतनी बड़ी घटना हो जाएगी।
Location : Meerut
Published : 18 June 2026, 10:50 AM IST