
मेरठ SSP द्वारा लोगों को थप्पड़ मारते हुए का मामला वायरल
Meerut: मेरठ की छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर कलेक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन के बाद अब विवाद नया मोड़ ले चुका है। प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडेय ने लोगों पर तो थप्पड़बाजी की थी, उसके खिलाफ अनुसूचित जाति आयोग तक मामला पहुंच चुका है। मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई थी।
वीडियो के आधार पर आयोग से शिकायत
एडवोकेट मनोज कुमार ने राष्ट्रीय और उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग को शिकायत भेजकर पूरे घटना की जांच कराने की मांग की है। शिकायत के साथ उस वायरल वीडियो का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें एसएसपी एक बंदी वाहन के पास हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारते हुए दिखाई देने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर अनावश्यक बल प्रयोग किया गया, लाठीचार्ज किया गया और हिरासत में लिए गए लोगों के साथ मारपीट की गई।
सपा विधायक अतुल प्रधान ने भी उठाया मुद्दा
इस मामले में समाजवादी पार्टी के सरधना विधायक अतुल प्रधान ने भी राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखकर मामले का संज्ञान लेने और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे अनुचित बताया है।
क्या है ललिता गौतम हत्याकांड?
आपको बता दें कि मेरठ में टीपीनगर थाना क्षेत्र में स्थित किरोट गांव की रहने वाली 20 वर्षीय ललिता गौतम बीते 15 मई को परीक्षा देने घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। घरवालों ने उसी दिन गुमशुदगी दर्ज करा दी। उसके बाद 17 मई को रोहटा थाना क्षेत्र के उकसिया गांव के गन्ने के खेत में ललिता गौतम का शव मिला। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
क्या थी प्रदर्शन के वक्त लोगों की मांग?
बुधवार को जब ललिता गौतम हत्याकांड के विरोध में लोग प्रदर्शन कर रहे थे तो लोगों की मांग थी कि छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए। सभी दोषियों को फांसी की सजा मिले। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के साथ एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इन्हीं को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था, लेकिन एसएसपी ने फिर भी न्याय मांगने वालों को थप्पड़ मार दिया।
Location : Meerut
Published : 10 July 2026, 7:04 AM IST