
ठगी के शिकार ग्राहक
Maharajganj: महराजगंज जिले में Bajaj Auto की अधिकृत डीलरशिप एसके मोटर्स पर ग्राहकों से बड़े पैमाने पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक वायरल डायरी ने इस पूरे खेल की परतें खोल दी हैं, जिसमें दर्जन भर से अधिक ग्राहकों से कथित रूप से वसूली गई अतिरिक्त रकम का ब्योरा दर्ज है।
सूत्रों के अनुसार एजेंसी द्वारा दोपहिया वाहन खरीदने वाले ग्राहकों से आरटीओ शुल्क, इंश्योरेंस और डाउन पेमेंट के नाम पर तय रकम से अधिक पैसे लिए गए। डायरी में दर्ज आंकड़ों के मिलान में प्रति ग्राहक करीब ₹5,000 तक की अतिरिक्त वसूली का मामला सामने आया है।
Maharajganj: पैसों के विवाद ने बढ़ाया तनाव, बीजेपी नेता समेत दो गिरफ्तार; पुलिस की सख्त कार्रवाई
बताया जा रहा है कि महराजगंज में एसके मोटर्स से जुड़ी कुल 9 एजेंसियां संचालित हैं और लगभग सभी पर इसी तरह की अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। वायरल डायरी में सैकड़ों ग्राहकों का विवरण दर्ज है। जब इनमें से कुछ ग्राहकों से संपर्क किया गया तो वे खुद इस कथित ठगी से अनजान थे, लेकिन अब उन्होंने भी जांच की मांग शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक स्तर पर जांच जारी है और कुछ पीड़ितों ने अपने वित्तीय दस्तावेज भी पुलिस को सौंप दिए हैं।
डीएम और नपा चेयरमैन ने बुद्ध पूर्णिमा व श्रमिक दिवस पर दी श्रद्धांजलि, कर्मचारियों को किया सम्मानित
हालांकि, आरोप है कि 2021 से 2025 के बीच यह खेल लगातार चलता रहा और शिकायत करने वाले ग्राहकों को डराने-धमकाने के भी मामले सामने आए हैं। कुछ लोगों ने पुलिस और एजेंसी के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस पूरे प्रकरण में एजेंसी संचालकों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देने के बजाय फोन काट दिया।
इस खुलासे के बाद जहां एक ओर ग्राहकों का भरोसा डगमगाता दिख रहा है, वहीं आम लोगों की जेब पर भी सीधा असर पड़ा है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।
Location : Maharajganj
Published : 1 May 2026, 1:13 PM IST
Topics : Bajaj Auto Customers Dealership Maharajganj Viral diary