
पुलिस का बड़ा एक्शन
गोरखपुर: अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए गोरखपुर जोन पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के स्पष्ट और कड़े निर्देशों पर जोन के सभी जनपदों में 07 से 08 जनवरी 2026 तक विशेष सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कुल 300 वारण्टी और 53 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया गया।
क्या है पूरी खबर?
एडीजी जोन ने अभियान से पहले ही सभी जनपदों को निर्देशित किया था कि वारण्टियों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों को शामिल करते हुए योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी जाए और शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीमों ने देर रात तक छापेमारी कर फरार चल रहे अपराधियों को उनके ठिकानों से धर दबोचा।
कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश
अभियान के दौरान पुलिस ने तकनीकी संसाधनों, स्थानीय खुफिया तंत्र और बीट पुलिस की मदद से चिन्हित अपराधियों पर शिकंजा कसा। कई मामलों में लंबे समय से फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी से पीड़ितों को न्याय की उम्मीद जगी है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
आमजन में सुरक्षा की भावना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया गया। एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने अभियान में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने वालों के लिए गोरखपुर जोन में कोई जगह नहीं है।
फतेहपुर में मिट्टी माफियाओं के बीच गैंगवार, लाठी-डंडों से खूनी संघर्ष, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इस सघन अभियान ने न सिर्फ अपराधियों में खौफ पैदा किया है, बल्कि आम लोगों में यह भरोसा भी मजबूत किया है कि पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।
Location : गोरखपुर
Published : 9 January 2026, 3:45 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Latest News UP Police