
बदायूं में बड़ा वारदात फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद के दातागंज कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम डहरपुर में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में बीती रात चोरों ने धावा बोलकर चोरी का प्रयास किया। शातिर चोरों ने बैंक की पिछली दीवार को काटकर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन अलार्म बजने या अन्य कारणों से वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहे। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
चोरों की पहचान करने का प्रयास
सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह और सीओ दातागंज राहुल पांडे ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
सीओ ने की पुष्टि, शिकायत नहीं मिली...
दातागंज सीओ राहुल पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी के प्रयास का लग रहा है। चोरों ने बैंक की दीवार काटकर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। फिलहाल बैंक प्रबंधक की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में दहशत, सुरक्षा पर सवाल...
ग्राम डहरपुर स्थित पीएनबी शाखा में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता है। पुलिस ने बैंक परिसर के आसपास गश्त बढ़ा दी है और फोरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज काफी अहम है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बैंक प्रबंधन से भी सुरक्षा इंतजामों को और पुख्ता करने को कहा गया है।
Location : Budaun
Published : 19 May 2026, 12:27 PM IST
Topics : Budaun Latest News up crime UP News