मैनपुरी पुलिस का बड़ा एक्शन: मुठभेड़ के बाद लुटेरों का भंडाफोड़, यूपी से गुजरात तक फैला था नेटवर्क; पढ़ें पूरी खबर

मैनपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। किशनी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त ऑपरेशन में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, चोरी की बाइक और अवैध तमंचे बरामद हुए हैं। दोनों पर कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 March 2026, 3:12 PM IST
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में पुलिस को अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना किशनी पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय लुटेरों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत किशनी पुलिस ने घेराबंदी कर खड़सरिया बॉर्डर के पास से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुघल बाबू निवासी नरसिंहपुर और विकास निवासी इटावा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों बदमाश एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो विभिन्न जिलों में सक्रिय था।

यूपी से गुजरात तक फैला था गिरोह का नेटवर्क

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी बेहद शातिर अपराधी हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने 26 फरवरी को एक ही दिन में लूट और चोरी की पांच अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार इस गिरोह का नेटवर्क केवल मैनपुरी जिले तक सीमित नहीं था, बल्कि इटावा, फिरोजाबाद समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था। इतना ही नहीं, इनका संपर्क गुजरात तक भी फैला हुआ था और वहां भी अपराध से जुड़े कुछ मामले सामने आए हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है और उनसे जुड़े संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।

बाइक और अवैध तमंचे बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से भारी मात्रा में लूटा गया सामान बरामद किया है। बरामदगी में सोने और चांदी के आभूषण जैसे चेन, अंगूठी और पायल शामिल हैं। इसके अलावा 25,500 रुपये नकद, लूटे गए मोबाइल फोन और चोरी की दो मोटरसाइकिलें—होंडा लीवो और अपाचे भी बरामद की गई हैं।
इसके साथ ही आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुघल बाबू पर पहले से हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और लूट समेत 22 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि विकास पर भी करीब 13 मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी विकास के पैर में गोली भी लगी, जो उसकी ही फायरिंग से लगी बताई जा रही है। पुलिस ने उसे इलाज के बाद हिरासत में ले लिया। इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व किशनी थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह और उपनिरीक्षक योगेश कुमार सिंह ने किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, वहीं पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 10 March 2026, 3:12 PM IST