मैनपुरी में पैसों का लेनदेन और खूनी खेल, युवक को गोली मार उतारा मौत के घाट

मैनपुरी में दिनदहाड़े हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। किशनी-करहल मार्ग पर सोमवार शाम करीब पांच बजे बाइक से दोस्तों के साथ बाजार जा रहे 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 November 2026, 4:46 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में दिनदहाड़े हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। किशनी-करहल मार्ग पर सोमवार शाम करीब पांच बजे बाइक से दोस्तों के साथ बाजार जा रहे 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि रुपये के लेनदेन के विवाद में हमलावरों ने युवक का रास्ता रोककर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। वारदात के दौरान उसके दोनों दोस्त किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले।

जानकारी के मुताबिक, नगला अलाई निवासी राजवीर सिंह का 20 वर्षीय बेटा अर्जेश यादव सोमवार शाम अपने दोस्त कन्हैया और नितिन के साथ बाइक से करहल कस्बे में बाजार करने जा रहा था। शाम करीब पांच बजे उनकी बाइक करहल-किशनी मार्ग पर गांव करनपुर स्थित नानमई तिराहे के पास पहुंची। तभी वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ मिलकर उनकी बाइक रुकवा ली।

बाइक रुकवाते ही गाली-गलौज, फिर अर्जेश पर बरसाईं गोलियां

बताया जा रहा है कि बाइक रुकवाने के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने फायरिंग कर दी। गोली लगते ही अर्जेश बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरातफरी मच गई। अर्जेश के साथ मौजूद कन्हैया और नितिन ने भागकर अपनी जान बचाई।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। लोगों को जुटता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल अर्जेश को पुलिस की मदद से आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पांच दिन पहले भी दी गई थी जान से मारने की धमकी

परिजनों के मुताबिक, अर्जेश यादव और किरथुआ निवासी अजीत के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार का आरोप है कि करीब पांच दिन पहले भी अजीत और अर्जेश के बीच कहासुनी हुई थी। उस दौरान आरोपी ने अर्जेश को जान से मारने की धमकी दी थी। सोमवार को हुई वारदात को परिजन इसी विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी, सीओ अजय चौहान और इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पांडेय सैफई अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने वहां मृतक के परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।

एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि रुपये के लेनदेन को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। स्वजन की ओर से तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

Location :  Mainpuri

Published :  10 November 2026, 4:46 PM IST