महराजगंज में टावर पर चढ़कर किया हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने युवतियों को ऐसे सिखाया सबक

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में शादी की जिद को लेकर दो युवतियों के मोबाइल टावर पर चढ़ने के मामले सामने आए । किसी को अपने प्रेमी से शादी करनी थी तो किसी को अपनी पसंद के युवक को जीवनसाथी बनाना था। अपनी मांग मनवाने के लिए दोनों युवतियों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा किया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 5 November 2026, 1:11 AM IST

Maharajganj: किसी को प्रेमी से शादी करनी थी तो किसी को अपनी पसंद के युवक को जीवनसाथी बनाना था। अपनी मांग मनवाने के लिए दो युवतियों ने ऐसा कदम उठा लिया कि पुलिस से लेकर परिजनों तक के हाथ-पांव फूल गए। दोनों घटना एक हफ्ते के अंदर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावर पर चढ़ कर की गई। और शादी नहीं होने पर जान देने की धमकी देने लगीं। घंटों चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित नीचे उतारा। अब इस मामले में पुलिस ने दोनों थानों में मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रेमी से शादी के लिए टावर पर चढ़ी युवती

नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम बरवाभोज के बाहर लगे एयरटेल मोबाइल टावर पर बीते 1 नवंबर को करीब 19 वर्षीय मनीषा चढ़ गई। उसकी मांग थी कि उसकी शादी प्रेमी गंगेश निवासी ग्राम लोधसी से कराई जाए। शादी नहीं होने पर उसने टावर से कूदकर जान देने की धमकी दे दी। सूचना मिलते ही पीआरवी-9171 और नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिसकर्मियों और परिजनों ने काफी देर तक मान-मनौव्वल की। आखिरकार परिजनों की ओर से शादी का आश्वासन मिलने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की सहमति से उसे गंगेश के साथ भेज दिया गया। इस मामले में सूत्रों से ऐसी चर्चा है कि दोनों लोगों की शादी करा दी गई है, फिलहाल इस बात का अभी कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिला है।

शादी की जिद में हाई-वोल्टेज ड्रामा

परसामलिक में भी दोहराया गया ऐसा ही घटनाक्रम

आज 4 नवंबर को परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम जिगिना टोला गंगवलिया पर ऐसी ही एक सूचना के बाद प्रशासन में हड़कम्प मच गया। यहां करीब 19 वर्षीय सुशीला अपनी पसंद के युवक सनोेज पासवान निवासी विषखोप से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती की आत्महत्या की धमकी से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पीआरवी-9805 और थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों ने काफी देर तक समझाया, जिसके बाद युवती को सकुशल नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

महाराजगंज में कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, CEC के खिलाफ सुप्रिया श्रीनेत ने साधे तीखे निशाने

दोनों घटनाओं में पुलिस ने की कानूनी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाओं को लेकर नौतनवा थाने में मु0अ0सं0 216/2026 और परसामलिक थाने में मु0अ0सं0 91/2026 के तहत धारा 226, 352 और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

महाराजगंज के लक्ष्मीपुर की वृहद गौशाला में जर्जर टिनशेड ने बढ़ाई गोवंश की मुश्किलें

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवतियों को सुरक्षित बचाया। हालांकि, लगातार दो अलग-अलग घटनाओं में शादी की मांग को लेकर इस तरह टावर पर चढ़ने का मामला सामने आने से क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। पुलिस की कानूनी कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि अपनी मांग मनवाने के लिए जान जोखिम में डालने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाला कदम उठाना उचित नहीं है।

Location :  Maharajganj

Published :  5 November 2026, 1:07 AM IST