हिंदी
फरूआही नाच में बवाल
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंद जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करहमां टोला रगड़गंज में फरूआही नाच कार्यक्रम के दौरान वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरी घटना?
पीड़िता मैना पत्नी रामहरि सहानी ने कोतवाली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 9 मई 2026 को दोपहर करीब दो बजे गांव में फरूआही नाच का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान वीडियो बनाने की बात को लेकर उनके पुत्र गौतम का गांव के ही शम्भू पुत्र रामअवध सहानी, दीपक पुत्र शम्भू, अमन पुत्र शम्भू तथा सरिता पत्नी सुनील से विवाद हो गया।
भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मारना-पीटना शुरू
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सभी आरोपियों ने गौतम को भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मारना-पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब मैना और पूजा पत्नी गुड्डू बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी लाठी-डंडे, घूंसे और थप्पड़ों से मारपीट की। पीड़िता के अनुसार हमले में सभी को गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल पक्ष ने इलाज कराया और 18 मई 2026 को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 19 May 2026, 11:58 AM IST
Topics : case Faruahi dance Festival Maharajganj video