
नेपाल की तबाही के बीच गंडक के टेल फाल पर पहुंचें सपा कार्यकर्ता(Img: Dynamite News)
Maharajganj: नेपाल में आई भीषण बाढ़, भूस्खलन और प्राकृतिक आपदा के बाद भारत-नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जनपद के नदी क्षेत्रों में भी हालात पर नजर रखी जा रही है। नेपाल की ओर से बढ़े पानी और नदियों के तेज बहाव के बीच समाजवादी पार्टी भी सक्रिय हो गई है। रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता नारायणी नदी के टेल फाल क्षेत्र में पहुंचे और नदी से लगे इलाकों की स्थिति का जायजा लिया।
यह दौरा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर किया गया। सिसवा विधानसभा क्षेत्र के नारायणी नदी टेल फाल पर सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव के नेतृत्व में पहुंचे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेपाल में आई आपदा के बाद भारत की ओर उसके संभावित प्रभाव को समझने का प्रयास किया। नेताओं ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और जरूरत पड़ने पर राहत कार्य में सहयोग का भरोसा दिलाया।
सपा के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा बेहद गंभीर है। बाढ़ और भूस्खलन के कारण वहां बड़े पैमाने पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि नेपाल से निकलने वाली नदियां सीधे भारत के सीमावर्ती इलाकों से होकर गुजरती हैं, ऐसे में वहां की आपदा का असर भारतीय क्षेत्र पर पड़ना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर कार्यकर्ता यह देखने के लिए मौके पर पहुंचे हैं कि नेपाल में आई आपदा के कारण भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में कहीं कोई व्यक्ति प्रभावित तो नहीं हुआ है। इसके साथ ही नदी के बढ़े जलस्तर, पानी के बहाव और खेतों में हुए नुकसान की स्थिति को भी देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव के निर्देश पर सक्रिय हुए कार्यकर्ता (Img: Dynamite News)
Maharajganj: निचलौल में भारी हड़कंप, गंडक नदी से तीन शव बरामद; मंजर देख सहम उठे लोग
नेपाल में आई आपदा के बाद नदियों के रास्ते भारत की ओर बहकर आए शवों का मामला भी बेहद संवेदनशील बना हुआ है। सपा नेताओं ने कहा कि ऐसे शवों की पहचान और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में हर संभव सहयोग किया जाएगा, ताकि मृतकों की पहचान हो सके और उनके परिजनों तक सही सूचना पहुंचाई जा सके।
सुनील सिंह ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सबसे बड़ी जरूरत मानवीय संवेदना की है। यदि कोई व्यक्ति अपने परिवार के सदस्य की तलाश में है या किसी शव की पहचान को लेकर प्रशासन को सहयोग की जरूरत है तो पार्टी कार्यकर्ता भी अपनी ओर से मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रभावित और जरूरतमंद लोगों तक भोजन, दवा, राहत सामग्री और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने के लिए भी पार्टी कार्यकर्ता तैयार हैं। जिन क्षेत्रों में लोगों को तत्काल सहायता की आवश्यकता होगी, वहां स्थानीय स्तर पर मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सपा नेता सुनील सिंह ने रविवार को नेपाल की ओर से छोड़े गए करीब 1.30 लाख क्यूसेक पानी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नदी में पानी बढ़ने से सीमावर्ती इलाकों में किसानों की चिंता बढ़ी है। खेतों में पानी पहुंचने और फसलों को नुकसान होने की स्थिति में प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों के खेतों और फसलों को बाढ़ या नदी के पानी से नुकसान हुआ है, उनकी स्थिति की जानकारी जुटाकर हर संभव मदद के लिए प्रयास किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं का उद्देश्य सिर्फ मौके का जायजा लेना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को सामने लाना भी है।
पीड़ितों को हर संभव मदद दिलाएंगे (Img: Dynamite News)
नारायणी नदी के टेल फाल पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के दौरान क्षेत्र में आपदा के हालात, नदी के जलस्तर और प्रभावित होने वाले संभावित इलाकों को लेकर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में भी नदी और सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
इस दौरान वरिष्ठ नेता सुनील सिंह, जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, संतोष कृष्ण त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष प्रणय गौतम, बोनी शेख, सुरेंद्र भारती, अमरनाथ यादव, राजेश यादव, श्याम सुंदर गुप्ता, राकेश कुशवाहा, हैदर अली, रानू ओझा, कुंदन सिंह, संजय यादव, राधेश्याम यादव, जावेद समेत सैकड़ों समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेपाल में आई आपदा के बाद महराजगंज के सीमावर्ती इलाकों में नदी के बढ़ते पानी और संभावित नुकसान को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क है। ऐसे में सपा का यह दौरा राजनीतिक गतिविधि के साथ-साथ आपदा प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने और जमीनी स्थिति को समझने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 30 August 2026, 4:06 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav India Nepal border Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Nepal Flood Samajwadi Party