Maharajganj Road Accident: भिटौली में भीषण सड़क दुर्घटना, तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को रौंदा

महराजगंज के भिटौली क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 35 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और बेटे को छोड़ गया है, परिवार में कोहराम मचा है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 27 April 2026, 12:08 PM IST
google-preferred

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

भिटौली पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

घटना भिटौली पेट्रोल पंप के पास उस समय हुई जब युवक सड़क पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परतावल की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर युवक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक को संभलने का मौका ही नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान और पारिवारिक स्थिति

मृतक की पहचान अगया मनियरा बारी निवासी धर्मवीर प्रसाद (35 वर्ष), पुत्र छेदी प्रसाद के रूप में हुई है। वह अपने पीछे पत्नी प्रमिला (30 वर्ष) और 14 वर्षीय बेटे कुंदन को छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही भिटौली चौकी इंचार्ज यदुवीर यादव और थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

महराजगंज में बारातियों और पेट्रोल पंप कर्मियों के बीच मारपीट और हंगामा

ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लिया

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक (नंबर: UP 61 T 2672) को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। फिलहाल ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

इलाके में मचा हड़कंप

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

महराजगंज डीएम ने ली सलामी, रिजर्व पुलिस लाइन में 396 रिक्रूट्स की सिंग आउट परेड, अनुशासन और दक्षता का हुआ प्रदर्शन

परिवार में गहरा शोक

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में गहरा शोक है। पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं, लेकिन हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।

Location :  Maharajganj

Published :  27 April 2026, 12:08 PM IST

Advertisement