महराजगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत, एक महिला गंभीर घायल, मचा कोहराम

महराजगंज के घुघली-शिकारपुर मार्ग पर बरवा खुर्द के पास बुधवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 5 November 2026, 11:18 AM IST

Maharajganj: जनपद में बुधवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। घुघली और शिकारपुर के बीच बरवा खुर्द गांव के पास रात करीब 10 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार चार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

महराजगंज में तेज रफ्तार का कहर

जानकारी के मुताबिक, महेशपुर कबेलवा निवासी रामरतन (35) अपनी पत्नी यशोदा (32) को बाइक से लेकर कुशीनगर से घुघली की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार अकबरपुर, पडरौना, कुशीनगर निवासी दुर्गेश (30) और घुघली थाना क्षेत्र के रानीपुर मझौरा निवासी राहुल यादव (22) शिकारपुर की ओर जा रहे थे।

बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम, शिवपुर घाट पर मिलेंगी ये विशेष सुविधाएं

बताया जा रहा है कि भुवनी के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सड़क पर घायलों को तड़पता देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घुघली पुलिस को सूचना दी और घायलों को सड़क किनारे पहुंचाने में मदद की।

दो युवकों समेत तीन की जान गई

सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल महराजगंज भिजवाया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. श्वेतांशु शाही ने जांच के बाद रामरतन और राहुल यादव को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल यशोदा की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार दुर्गेश को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद करीब 10 मिनट बाद उसने भी दम तोड़ दिया।

Gorakhpur: दहेज हत्या करने वाले को कोर्ट ने सिखाया सबक, सुनाई ये कठोर सजा

इस तरह देर रात हुए इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और दोपहिया वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घुघली निरीक्षक अविनाश ने बताया कि भुवनी में हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  5 November 2026, 10:46 AM IST