Maharajganj: सड़क से गुजर रहे मां-बेटे पर अचानक गिरा रेस्टोरेंट का बोर्ड; महिला की मौत

महराजगंज में बुधवार सुबह तेज हवा के बीच एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने परिवार की खुशियां छीन लीं। इलाज कराकर बेटे के साथ बाइक से लौट रही महिला अचानक गिरे प्रचार बोर्ड की चपेट में आ गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 October 2026, 2:04 PM IST

Maharajganj: श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के गोरखपुर-परतावल मार्ग पर बुधवार सुबह तेज हवा के दौरान रेस्टोरेंट का प्रचार बोर्ड गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क से बाइक पर गुजर रहे मां-बेटे के ऊपर अचानक बोर्ड गिर पड़ा। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

मेडिकल कॉलेज से वापस लौट रही थी महिला

जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी सुभावती छप्पन पत्नी विद्यासागर बुधवार सुबह अपने बेटे दुर्विजय के साथ इलाज कराने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज गई थीं। इलाज कराने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मौसम खराब होने के साथ तेज हवा चलने लगी।

बताया जा रहा है कि गोरखपुर-परतावल मार्ग पर महाराजा रेस्टोरेंट के सामने सड़क के बीच वाले हिस्से में प्रचार के लिए बोर्ड लगाया गया था। बाइक सवार मां-बेटे जैसे ही बोर्ड के पास पहुंचे, उसी दौरान तेज हवा के बीच बोर्ड अचानक बाइक के ऊपर गिर गया। बोर्ड की चपेट में आने से पीछे बैठीं सुभावती सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अस्पताल में जुटे परिजन (Img: Dynamite News)

ये भी पढ़ें- “मुंह में गुटखे का बंडल ठूंसकर छोड़ा था शव”, शेरसिंह की हत्या मामले में पांच साल बाद कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

घटनास्थल पर मचा हड़कंप

हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल महिला को संभाला और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. फुरकान ने महिला की जांच की। चिकित्सक के अनुसार महिला की सीएचसी पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।

हादसे में बाइक चला रहे महिला के बेटे दुर्विजय को चोट नहीं आई। मां की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलने पर श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। सड़क के बीच लगाए गए प्रचार बोर्ड को लेकर भी हादसे के बाद सवाल खड़े हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Pratapgarh News: सेवा संकल्प कार्यशाला से PM Modi वर्चुअली जुड़े, शिक्षक, आशा बहुएं और स्कूली बच्चों में भरा जोश

श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष महेन्द्र मिश्रा ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  7 October 2026, 1:57 PM IST