महराजगंज में विसर्जन देखने गए युवक पर बरसाई रॉड, वायरल वीडियो के बाद पुलिस कार्रवाई

महराजगंज के पनियरा में मूर्ति विसर्जन के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शनि गुप्ता और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 November 2026, 4:37 PM IST

Maharajganj: महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विसर्जन स्थल पर पहुंचे कुछ लोगों ने एक युवक को घेरकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर शनि गुप्ता और उसके साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। थानाध्यक्ष ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

पुरानी रंजिश में विवाद

जानकारी के मुताबिक, राजौंड़ा खुर्द निवासी राजू यादव पुत्र रामकेवल ने पनियरा थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर 2026 को उनका भतीजा इंद्रेश पुत्र अशोक गांव के घटही मां स्थान पर स्थापित मूर्ति के विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान नगर पंचायत पनियरा के टोला धुंगरहवा की मूर्ति भी विसर्जन के लिए वहां पहुंची थी।

गोरखपुर में डंडे से हमले का मामला: पुलिस ने आरोपी को दबोचा, जानिए क्या है पूरा मामला

दोनों पक्ष विसर्जन स्थल पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान नगर पंचायत निवासी शनि गुप्ता अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। बताया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर उसने अचानक इंद्रेश को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

युवक पर लोहे की रॉड से हमला

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, शनि गुप्ता और उसके साथियों ने इंद्रेश पर लोहे की रॉड से हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान विसर्जन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को हमलावरों से छुड़ाया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।

अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला करते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है।

आजादी के बाद से आज तक हो रहा सड़क का इन्तजार, ‘बंशी का डेरा’ में सड़क का नहीं हुआ निर्माण

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर शनि गुप्ता और उसके साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और पीड़ित की शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  10 November 2026, 4:37 PM IST