Maharajganj: झाड़ियों में मिला अज्ञात महिला का शव; आखिर कौन है यह मृतका और कैसे पहुंची निचलौल के चरभरिया गांव?

जनपद महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत चरभरिया गांव के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की शिनाख्त और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 31 March 2026, 6:09 PM IST

Maharajganj: जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार को चरभरिया गांव के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

ग्रामीणों ने सिवान की ओर जाते समय देखा शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह चरभरिया गांव के कुछ ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए सिवान की ओर जा रहे थे। जैसे ही ग्रामीण गांव से बाहर स्थित पुल के पास पहुंचे, उनकी नजर झाड़ियों के बीच संदिग्ध अवस्था में पड़े एक महिला के शव पर पड़ी। शव को देखते ही ग्रामीण सहम गए और तुरंत गांव पहुंचकर अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी।

गोरखपुर में किशोरी पर चाकू से हमला, पुलिस ने हत्या के प्रयास पर किया मुकदमा दर्ज; जानें असल में क्या है मामला

मौके पर जुटी भारी भीड़, पुलिस को दी गई सूचना

शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों द्वारा तत्काल घटना की सूचना निचलौल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

शिनाख्त की कोशिशें नाकाम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और मौजूद ग्रामीणों व आसपास के लोगों से मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया। हालांकि, काफी कोशिशों के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के मुताबिक, मृतका सलवार-सूट पहने हुए थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

Muzaffarnagar: ईद की ‘ईदी’ बनी मौत की वजह, 1500 का विवाद और हंसता-खेलता परिवार खत्म, जानें क्या है वारदात

थाना प्रभारी का बयान और आगामी कार्रवाई

निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों और जिलों से संपर्क कर लापता महिलाओं का रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि मृतका की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

 

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 31 March 2026, 6:09 PM IST