
हिन्दू नववर्ष का शुभारंभ
Maharajganj: हिन्दू नववर्ष के शुभारंभ एवं वर्ष प्रतिपदा के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खंड पनियरा द्वारा वीर बहादुर सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज परिसर में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता एवं गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण कर किया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने शाखा की विभिन्न गतिविधियों जैसे व्यायाम, दंड-युद्ध, समता और देशभक्ति गीतों का प्रदर्शन किया, जिससे पूरे परिसर में अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति का माहौल बन गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उमाशंकर ने अपने संबोधन में संगठन की एकजुटता और सामाजिक समरसता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल समाज को दिशा देते हैं, बल्कि युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति का संचार भी करते हैं।
मुख्य वक्ता रमेश ने अपने विस्तृत उद्बोधन में वर्ष प्रतिपदा के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन भारतीय परंपरा और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में जब पूरा विश्व विभिन्न चुनौतियों और संघर्षों से जूझ रहा है, ऐसे समय में भारत ही एक ऐसा देश है जिसमें पूरे विश्व को साथ लेकर चलने की क्षमता है। उन्होंने “वसुधैव कुटुम्बकम्” के सिद्धांत को भारतीय संस्कृति की मूल आत्मा बताते हुए कहा कि यही विचार विश्व शांति और समरसता का मार्ग प्रशस्त करता है।
सरेआम घात लगाकर हमला! युवक को रोककर सरिया-डंडों से किया वार, जान से मारने की धमकी से दहशत
कार्यक्रम के अंत में खंड संघचालक रामचन्द्र ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सह विभाग प्रचारक अजीत, जिला प्रचारक विनय, जिला कार्यवाह शिवचरण, सह जिला कार्यवाह अनिल, जिला प्रचार प्रमुख जीवेश, खंड कार्यवाह दीपक, सह खंड कार्यवाह योगेन्द्र, अरविंद, संदीप, रामबचन, अशोक, हेमंत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, चेयरमैन उमेश चंद जायसवाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों और स्वयंसेवकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
Location : Maharajganj
Published : 19 March 2026, 1:43 PM IST
Topics : Maharajganj Navratri 2026 provincial RSS World