
महराजगंज में किसानों की जेब पर डाका (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Maharajganj: जिले के सिसवा विकास खंड के सोनबरसा बेलवा घाट चौराहे पर यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। किसानों का आरोप है कि सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने के बजाय कुछ दुकानदार मनमाने दाम वसूल रहे हैं। शिकायत के अनुसार किसानों से एक बोरी यूरिया के लिए ₹350 से लेकर ₹500 तक वसूले जा रहे हैं।
किसानों ने पूरे मामले की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में प्रांजल ट्रेडर्स के संचालक ने ₹350 प्रति बोरी की दर से यूरिया बेचने की बात स्वीकार की। वहीं कई किसानों का आरोप है कि उनसे ₹500 प्रति बोरी तक की वसूली की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि खाद दुकान पर न तो निर्धारित मूल्य सूची (रेट लिस्ट) स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की गई है और न ही स्टॉक बोर्ड अपडेट किया जाता है। इससे किसानों को सरकारी दर की जानकारी नहीं मिल पाती और कथित रूप से अधिक कीमत वसूली जाती है।
किसानों का आरोप है कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में यूरिया की बढ़ी कीमतों ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। उनका कहना है कि मजबूरी में अधिक कीमत देकर खाद खरीदनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है।
किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जनपद की सभी खाद दुकानों पर प्रतिदिन स्टॉक और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने तथा निर्धारित सरकारी मूल्य पर किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
Location : Maharajganj
Published : 14 July 2026, 10:37 PM IST
Topics : Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police siswa development block UP News urea racket