जल निगम–जल जीवन मिशन की परियोजना पर बवाल, पूर्व प्रधान पर बाउंड्रीवाल निर्माण रुकवाने का आरोप

महराजगंज के घुघली क्षेत्र में जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी की बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने पूर्व ग्राम प्रधान पर निर्माण कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 18 July 2026, 10:36 PM IST

Maharajganj: जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पिपरिया करंजहां (विकास खंड घुघली) में निर्माणाधीन पानी की टंकी की बाउंड्रीवाल को लेकर विवाद एक बार फिर सामने आ गया है।

क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि पूर्व ग्राम प्रधान चन्द्रभान पटेल और उनके समर्थक पिछले करीब एक वर्ष से सरकारी निर्माण कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है।

इस बात पर है विवाद

शिकायत के अनुसार, गांव में जल निगम की ओर से जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी की टंकी और उसकी बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि पूर्व ग्राम प्रधान प्रस्तावित भूमि में से आने-जाने का रास्ता निकालने की मांग कर रहे हैं, जबकि विभागीय सीमांकन के अनुसार यह संभव नहीं है। इसी विवाद के चलते निर्माण कार्य बार-बार प्रभावित हो रहा है।

क्षेत्र पंचायत सदस्यों का कहना है कि इस मामले में उन्होंने पहले भी 8 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को प्रस्तावित सीमांकन के अनुसार बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू हुआ।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य शुरू होने के कुछ ही समय बाद पूर्व ग्राम प्रधान के समर्थकों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया और मजदूरों को धमकाते हुए काम बंद करा दिया। इससे ठेकेदार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रोक दिया और इसकी सूचना विभाग को भी दी।

जानिए महराजगंज के मेधावी वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध मौत का पूरा सच डाइनामाइट न्यूज़ पर

क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने लगाया ये आरोप

क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले की जानकारी मिलने के बावजूद जल निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। शिकायत में जूनियर इंजीनियर पर भी लापरवाही और मिलीभगत का आरोप लगाया गया है।

उनका कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में तनाव और विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।

महराजगंज में पनीर की दुकान पर फूड विभाग का बड़ा छापा! सैंपल सीज, लाइसेंस न मिलने पर शुरू हुई कार्रवाई

शिकायतकर्ताओं ने डीएम से की मांग

शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, पुलिस सुरक्षा के बीच जल जीवन मिशन की परियोजना का निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों की भी जिम्मेदारी तय की जाए।

Location :  Maharajganj

Published :  18 July 2026, 10:31 PM IST