
जिलाधिकारी ने किया क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण
Maharajganj: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की उपस्थिति में आज विकास खंड सदर के न्याय पंचायत महुअवा के ग्राम चौपरिया में क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, निरीक्षण के दौरान रेंडम (Random) विधि से चयनित कृषक भगवती पुत्र दुर्वासा के खेत में सांख्यिकीय पद्धति के आधार पर क्रॉप कटिंग प्रयोग संपादित किया गया। निर्धारित माप के अनुसार 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में कटाई की गई फसल का कुल उत्पाद 21.122 किलोग्राम पाया गया।
यह प्रक्रिया वैज्ञानिक रूप से फसल उत्पादकता के सटीक आंकड़े प्राप्त करने हेतु की जाती है, जिससे कृषि उत्पादन के सही अनुमान के साथ किसानों की आय संबंधी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग कृषि आकलन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जिले की औसत उपज का निर्धारण किया जाता है। उन्होंने बताया कि यही आंकड़े प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल क्षति के मूल्यांकन और मुआवजा भुगतान का आधार बनते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी विकास खंडों में यह कार्य पारदर्शी, वैज्ञानिक और समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करती है। साथ ही उन्होंने किसानों को खेतों में पराली न जलाने की अपील करते हुए बताया कि पराली जलाने से न केवल मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है, बल्कि प्रदूषण भी बढ़ता है। उच्चतम न्यायालय व एनजीटी द्वारा पराली जलाने पर प्रतिबंध के स्पष्ट निर्देश हैं।
क्रॉप कटिंग प्रयोग के दौरान उप नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, सांख्यिकी अधिकारी भूपेंद्र गुप्ता, कृषि विभाग के कर्मचारी एवं क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 11 November 2025, 4:28 PM IST
Topics : Agriculture Department Crop Insurance Scheme District Magistrate Maharajganj News Santosh Kumar Sharma