
पीड़ित
Maharajganj: महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामचन्द्रही में 26 फरवरी की रात खुशियों का माहौल अचानक चीख-पुकार में बदल गया, जब नेपाल के महुअवा से आई बारात में डीजे बजाने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, देखते ही देखते शादी समारोह भीषण मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट की घटना में तब्दील हो गया।
दुल्हन पक्ष के शम्भू साहनी पुत्र स्वर्गीय बसंत ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बारात आने के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। इसी दौरान लेदी फार्म के रहने वाले पवन साहनी, आकाश साहनी, सूरज साहनी (पुत्रगण छोटेलाल), हरेन्द्र और जितेन्द्र समेत कुछ अज्ञात लोग डीजे की आवाज और बजाने को लेकर उग्र हो गए। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद इन लोगों ने अचानक हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, हमलावरों ने घर में घुसकर दरवाजे तोड़ दिए, शादी का सामान तहस-नहस कर दिया और बीच-बचाव करने आए बारातियों व रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ा। बारात में नेपाल से आए मेहमानों के वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए।
महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत फैल गई। मारपीट में कई लोगों को चोटें आईं, जिनमें शम्भू की सास भी शामिल बताई जा रही हैं। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से हरेन्द्र भारती ने भी तहरीर देकर शम्भू साहनी पर मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि बीच-बचाव के दौरान उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनका सिर फट गया। इस तहरीर पर भी भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ईरान के कई सैनिक मारे गये, इजरायल के हमले के बाद ट्रंप का बड़ा बयान, जानिये क्या कहा युद्ध को लेकर
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। नेपाल से आई बारात में हुई इस भीषण मारपीट और लूटपाट की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Location : Maharajganj
Published : 28 February 2026, 4:20 PM IST
Topics : Indo Nepal Barat Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Nautanwa police violence Wedding Clash