
शिव मंदिर परिसर में मिला संदिग्ध अवशेष (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरिया बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर में उस समय हड़कंप मच गया जब मंदिर परिसर में काली पॉलीथीन में मांस के अवशेष पाए गए। इसकी जानकारी होते ही इलाके में तनाव का हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
जैसे ही ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में संदिग्ध पॉलीथीन देखी, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास शुरू कर दिए।
सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस की प्राथमिक जांच और पूछताछ में एक 13 वर्षीय नाबालिग का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग ने बताया कि वह मीट खरीदकर घर ले गया था, जो मंदिर के पास ही स्थित है। घर पर परिजनों ने उसे बनाने से मना किया, जिससे वह गुस्से में आ गया।
महराजगंज के जंगल में अतिक्रमण कर तांत्रिक कर रहा है झाड फूंक, दारोगा को धमकी, मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, गुस्से में नाबालिग ने काली पॉलीथीन हाथ में लेकर उसे हिलाना शुरू किया, जो गलती से उसके हाथ से छूटकर मंदिर परिसर में जा गिरी। इसके बाद वह मौके से डरकर भाग गया। बाद में मामला बढ़ने पर पुलिस ने जांच शुरू की और एफआईआर दर्ज की गई।
बताया जा रहा है कि नाबालिग की मां ने इस घटना पर ग्रामीणों से माफी भी मांगी है। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि यह घटना केवल दुर्घटना नहीं बल्कि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किया गया सुनियोजित कृत्य भी हो सकता है, जिससे क्षेत्र में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
नौतनवा थाना प्रभारी (SO) के अनुसार, ग्रामीणों की तहरीर पर मु0अ0सं0 82/26 के तहत बीएनएस की धारा 298 में मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है और जांच जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव फैलाने की कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या यह वास्तव में दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और साजिश है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Location : Maharajganj
Published : 21 April 2026, 12:44 PM IST