
मृतका फाइल फोटो(source: dynamite)
Maharajganj: जनपद के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के करमहवा बुजुर्ग गाँव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई। मृतका की पहचान करिश्मा पत्नी विजय यादव के रूप में हुई है। इस घटना ने एक बार फिर प्रेम विवाह और उसके बाद उपजी सामाजिक-पारिवारिक कड़वाहट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को अचानक करिश्मा की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर ससुराल पक्ष के लोग उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बनकटी ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जाँच के बाद उसे 'ब्रॉट डेड' (मृत) घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके वाले अस्पताल पहुँचे और वहां बेटी का शव देखकर उनका धैर्य जवाब दे गया। परिजनों ने अस्पताल परिसर में ही ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए भारी हंगामा किया।
#महराजगंज 5 साल पुराने प्रेम विवाह का हुआ दुखद अंत। संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप। मौके पर पहुँचे CO फरेंदा, पुलिस मामले की जाँच में जुटी। #UPNews #Maharajganj #CrimeNews #JusticeForKarishma #UttarPradesh… pic.twitter.com/o0IG3sfDEE
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 27, 2026
मृतका की माँ मंजू यादव ने बताया कि करिश्मा और विजय यादव ने पाँच साल पहले अपनी मर्जी से कोर्ट मैरिज की थी। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन मायके वालों का आरोप है कि कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर करिश्मा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।
UP News: पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महिला आरक्षण पर क्या बोले अखिलेश यादव? जानें बड़ी बातें
घटना की गंभीरता इन पहलुओं से और भी अधिक बढ़ जाती है कि मृतका करिश्मा पाँच माह की गर्भवती थी, जिसके चलते इस त्रासदी में एक अजन्मे बच्चे ने भी अपनी जान गँवा दी। सबसे दुखद पहलू यह है कि परिजनों के अनुसार, पाँच साल पहले हुए प्रेम विवाह के बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के लिए दबाव बनाना और प्रताड़ित करना जारी था, जो अंततः इस भयावह परिणाम का कारण बना।
घटना की गंभीरता और अस्पताल में बढ़ते तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) फरेंदा, अनिरुद्ध पटेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और मामले की पूरी निष्पक्षता के साथ जाँच कराने का भरोसा दिलाया।
वहीं, थानाध्यक्ष (SO) पुरंदरपुर, मनोज राय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका का विवाह लगभग चार-पांच वर्ष पूर्व प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यद्यपि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होते ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 28 April 2026, 12:10 AM IST
Topics : Dowry Death Allegation Maharajganj Hindi News Maharajganj News Purandarpur police UP Crime News