
महराजगंज: व्यक्ति ने काटा अपना गला (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने घरेलू कलह के चलते आत्मघाती कदम उठा लिया। पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के सैलदह गांव में ससुराल आए एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद ब्लेड से अपने गले पर वार कर लिया। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोगों ने युवक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान विशाल भारती के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बृजमनगंज क्षेत्र का निवासी है। विशाल लंबे समय से चेन्नई में रहकर काम कर रहा था और शनिवार को ही वापस लौटा था। घर वापसी के तुरंत बाद वह अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए अपने ससुराल सैलदह गांव पहुँचा था। बताया जा रहा है कि विशाल अपनी पत्नी को तुरंत अपने साथ घर ले जाना चाहता था, लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
Etah Roadways Workshop Fire: एटा में रोडवेज बस में लगी आग, टला बड़ा हादसा
पति-पत्नी के बीच चल रहा यह विवाद देखते ही देखते काफी बढ़ गया। आवेश में आकर विशाल घर के बाहर निकला और वहां मौजूद एक ब्लेड से अपने गले पर वार कर लिया। खून से लथपथ होने के बाद युवक ने मौके पर काफी हंगामा किया, जिससे स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए युवक को काबू में किया और नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने समय रहते उसका प्राथमिक उपचार किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरन्दरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुरन्दरपुर एसओ मनोज राय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक बाहर से कमाकर लौटा था और मानसिक तनाव व पारिवारिक विवाद के कारण उसने खुद को चोट पहुँचाई। एसओ ने आगे बताया कि युवक की स्थिति अब खतरे से बाहर और पूरी तरह स्थिर है। पुलिस ने युवक के अन्य परिजनों को मौके पर बुलाया और उचित परामर्श व दवा-उपचार के बाद उसे सुरक्षित घर भेज दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष से कोई कानूनी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Location : Maharajganj
Published : 12 April 2026, 2:01 AM IST