हिंदी
एटा में रोडवेज बस में लगी आग(Img: source; google)
Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ शनिवार को रोडवेज डिपो की कार्यशाला (वर्कशॉप) में खड़ी एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की इस घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत आगरा रोड स्थित रोडवेज वर्कशॉप की है। यहाँ एटा डिपो की एक बस संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी थी, जिसमें अचानक धुंआ उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। बस से उठती आग की लपटों को देख वर्कशॉप में काम कर रहे कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। बताया जा रहा है कि जिस वक्त आग लगी, उस बस के पास कई अन्य रोडवेज बसें भी खड़ी थीं। अगर आग फैल जाती, तो करोड़ों का नुकसान हो सकता था, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी सूझबूझ से अन्य बसों को आग की चपेट में आने से बचा लिया।
मेरठ में बेटी की लाश के साथ 4 महीने तक बैठ परफ्यूम डाल बदबू मिटाता रहा पिता
आग लगने का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। रोडवेज अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि खड़ी बस में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। इस घटना में बस का काफी हिस्सा जलकर खाक हो गया है, लेकिन किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस और परिवहन विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
Location : Etah
Published : 12 April 2026, 12:20 AM IST