
चारों आरोपी गिरफ्तार फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Maharajganj: महराजगंज सोनौली कोतवाली क्षेत्र के रहने वाली 24 वर्षीय विवाहिता उम्मे साहिबा की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सोनौली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हरदीडाली डंडा मार्ग से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
चारों आरोपियों का नाम
मृतका के भाई की तहरीर पर एफआईआर संख्या 42 बीएनएस की धारा 80(2),85,3,4 के तहत पति,ससुर,सास,ननद,देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी रही। गिरफ्तार आरोपियों में अफसर अली, साकीया खातून, मो. नईम, राहुल शाह, निवासीगण खनुवा थाना सोनौली को गिरफ्तार किया गया है।
जानिए पूरा प्रकरण
परिजनों के अनुसार उम्मे साहिबा की शादी वर्ष 2023 में खनुआ सोनौली कोतवाली अंतर्गत में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही वह ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत अपने मायके वालों से करती थीं। परिवार के लोग रिश्ते को बचाने की उम्मीद में हर बार समझौता कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन सोमवार को हुई घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
बताया जा रहा है कि सोमवार को उम्मे साहिबा गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में मिलीं। सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल महराजगंज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद मचा कोहराम
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव कोल्हुई कस्बे पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में लोग मृतका के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। हर आंख नम थी और हर किसी के जुबान पर यही सवाल था कि आखिर इस बेटी की क्या गलती थी।मंगलवार की शाम 5 बजे मृतका का अंतिम संस्कार कोल्हुई में किया गया।
मृतका के भाई अहमद अली ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को पहले पीटा गया और फिर डीजल छिड़ककर जला दिया गया। परिजनों ने सोनौली कोतवाली में पति, सास, ससुर, ननद और देवर समेत कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
Location : Maharajganj
Published : 20 May 2026, 5:46 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News UP News UP Police