
विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा कोहराम (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: कोल्हुई कस्बे की रहने वाली 24 वर्षीय विवाहिता उम्मे साहिबा की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना सोनौली थाना क्षेत्र के खनुआ गांव में हुई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट करने के बाद डीजल छिड़ककर जिंदा जलाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
परिजनों के अनुसार उम्मे साहिबा की शादी वर्ष 2023 में खनुआ गांव में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही वह ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत अपने मायके वालों से करती थीं। परिवार के लोग रिश्ते को बचाने की उम्मीद में हर बार समझौता कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन सोमवार को हुई घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
महराजगंज: ट्रेलर से डीजल चोरी करते एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा, वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि सोमवार को उम्मे साहिबा गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में मिलीं। सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल महराजगंज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव में मचा कोहराम
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव कोल्हुई कस्बे पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में लोग मृतका के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। हर आंख नम थी और हर किसी के जुबान पर यही सवाल था कि आखिर इस बेटी की क्या गलती थी। मंगलवार की शाम 5 बजे मृतका का अंतिम संस्कार कोल्हुई में किया गया।
मृतका के भाई अहमद अली ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को पहले पीटा गया और फिर डीजल छिड़ककर जला दिया गया। परिजनों ने सोनौली कोतवाली में पति, सास, ससुर, ननद और देवर समेत कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
इस मामले में सोनौली कोतवाल महेंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर एफआईआर संख्या 42 बीएनएस की धारा 80(2),85,3,4 के तहत पति,ससुर,सास,ननद,देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
Location : Maharajganj
Published : 19 May 2026, 11:29 PM IST