Maharajganj: शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, बारात से लौट रहे दोस्तों के साथ दिल दहला देने वाला हादसा

बारात से लौट रहे दो दोस्तों के साथ सुबह ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। शादी की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। सड़क पर अचानक क्या हुआ, यह जानकर हर कोई हैरान है। हादसे के बाद परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 May 2026, 10:05 AM IST

Maharajganj: महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बारात से लौट रहे दो युवकों की बाइक सड़क किनारे खड़े वाहन से जा टकराई, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बारात से लौट रहे थे घर

जानकारी के मुताबिक सोनौली नगर पंचायत के तिलहवा निवासी राजेश सहानी और खजुरिया गांव निवासी रोहित सहानी बुधवार रात सिद्धार्थनगर जिले के उसका थाना क्षेत्र में एक बारात में शामिल होने गए थे। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बृजमनगंज-कोल्हुई मार्ग पर लालपुर गांव के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक वाहन से टकरा गई।

आज के बाद थम जाएंगी शहनाइयां, 35 दिनों तक नहीं बजेगा बैंड-बाजा… आखिर क्या है वजह?

टक्कर इतनी जोरदार कि उड़ गए बाइक के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। बाइक की रफ्तार तेज बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोग हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों को आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

गांव में पसरा सन्नाटा

दोनों युवकों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के मुताबिक राजेश और रोहित बेहद मिलनसार स्वभाव के थे और अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी अचानक मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि शादी की खुशियों के बीच किसी ने भी नहीं सोचा था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। गांव की महिलाओं और बुजुर्गों की आंखें नम दिखाई दीं।

पति ने दिया तलाक, हलाला के नाम पर ससुर और देवर ने लूटी आबरू… दर्द बताते हुए फफक पड़ी महिला

पुलिस कर रही मामले की जांच

कोल्हुई थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Location :  Maharajganj

Published :  14 May 2026, 10:05 AM IST