हिंदी
अवैध खाद कारोबार पर प्रशासन की चोट
Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा से सटे कोल्हुई थाना क्षेत्र में यूरिया खाद के अवैध भंडारण और तस्करी पर प्रशासन की निगरानी के बीच शुक्रवार को बटईडिया गांव में बड़ी छापेमारी की गई। अचानक हुई कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी नौतनवा कुनाल की अगुवाई में सीओ बसंत सिंह, नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा, सुदेव पटेल तथा जोगियाबारी चौकी प्रभारी पंकज सिंह की टीम ने कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान टीम ने फारुख नामक व्यक्ति के कब्जे से भारी मात्रा में यूरिया खाद बरामद की। खाद मिलने के बाद प्रशासन ने उसे कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रशासन ने बरामद यूरिया खाद के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कृषि अधिकारी को रिपोर्ट भेज दी है। अब कृषि विभाग द्वारा खाद के स्रोत, भंडारण और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीमा क्षेत्र में यूरिया की अवैध तस्करी और कालाबाजारी की शिकायतों को देखते हुए प्रशासन की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध भंडारण और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Location : Maharajganj
Published : 12 September 2026, 6:37 AM IST