Maharajganj: मुख्य चौराहे पर अचानक गिरी हाईटेंशन तार, बाइक सवार ने कूदकर बचाई जान; मची अफरा-तफरी

मुख्य चौराहे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शॉर्ट सर्किट होने के बाद बिजली की तार अचानक सड़क पर गिर गई। घटना के समय चौराहे से गुजर रहे एक बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक छोड़कर छलांग लगा दी।

Updated : 15 June 2026, 4:10 PM IST

Maharajganj: जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त मुख्य चौराहे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शॉर्ट सर्किट होने के बाद बिजली की तार अचानक सड़क पर गिर गई। घटना के समय चौराहे से गुजर रहे एक बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक छोड़कर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और यातायात व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई।

भगदड़ जैसी स्थिति

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय मुख्य चौराहे पर सामान्य दिनों की तरह वाहनों और राहगीरों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान अचानक बिजली की लाइन में तेज आवाज के साथ शॉर्ट सर्किट हुआ और तार टूटकर सड़क पर आ गिरी। तार गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे और वाहन चालक भी अचानक रुक गए।

घटना में कोई जनहानि नहीं

घटना के समय एक बाइक सवार तार के बेहद करीब पहुंच चुका था। अचानक तार गिरते देख उसने तत्परता दिखाते हुए बाइक से कूदकर खुद को सुरक्षित कर लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बाइक सवार कुछ सेकंड भी देर करता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

सादा पुलाव खाकर हो गए हैं बोर? नोट करें मिर्च और लहसुन के तीखे स्वाद वाले ठेचा पुलाव की यह अनोखी रेसिपी

तार गिरने के कारण मुख्य चौराहे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। शहर के विभिन्न मार्गों से आने-जाने वाले वाहन सड़क के दोनों ओर फंस गए, जिससे लंबा जाम लग गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर लोगों को तार से दूर रहने की सलाह दी और चौराहे के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया।

हटाने और लाइन को सुरक्षित करने का कार्य शुरू

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर क्षतिग्रस्त तार को हटाने और लाइन को सुरक्षित करने का कार्य शुरू किया। काफी देर तक चले मरम्मत कार्य के बाद सड़क को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को बहाल किया जा सका।

DN Exclusive: नोएडा एयरपोर्ट में जमीन देने वाले किसान खुश नहीं, जाने क्यों है योगी सरकार से नाराज

स्थानीय नागरिकों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर के कई स्थानों पर बिजली के तार पुराने और जर्जर हो चुके हैं। समय-समय पर उनकी जांच और मरम्मत नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि शहर की विद्युत लाइनों का व्यापक निरीक्षण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Location :  Maharajganj

Published :  15 June 2026, 3:30 PM IST