महराजगंज में दवा कारोबार पर शिकंजा, पुलिस-ड्रग विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

महराजगंज में मेडिकल स्टोरों पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने अचानक कई दुकानों पर दस्तक दे दी। टीम ने दवाओं की गुणवत्ता से लेकर लाइसेंस, रिकॉर्ड और रखरखाव तक की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध दवाओं के सैंपल भी लिए गए हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 30 September 2026, 2:01 AM IST

Maharajganj: जिले में दवाओं की गुणवत्ता और मेडिकल स्टोरों की व्यवस्था को लेकर पुलिस और ड्रग विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ा जांच अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में होलसेल और खुदरा मेडिकल स्टोरों की जांच कर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की पड़ताल की।

दवाओं से जुड़े रिकॉर्ड की जानकारी

जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों से दवा बिक्री का लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपलब्धता और दवाओं से जुड़े रिकॉर्ड की जानकारी ली। टीम ने यह भी देखा कि मेडिकल स्टोरों पर नियमों के अनुसार दवाओं का रखरखाव किया जा रहा है या नहीं। खास तौर पर दवाओं की गुणवत्ता और कोल्ड चेन व्यवस्था की जांच की गई, ताकि तापमान नियंत्रित रखने वाली दवाओं के भंडारण में किसी तरह की लापरवाही न हो।

 महराजगंज में 17 वर्षीय किशोरी की मौत से हड़कंप, घर में फंदे से लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

संदिग्ध दवाइयों के लिए नमूने

कार्रवाई के दौरान कुछ दवाएं संदिग्ध पाए जाने पर उनके नमूने लिए गए। टीम ने कुल चार संदिग्ध औषधियों के सैंपल लेकर उन्हें सील कर दिया है। इन सभी नमूनों को जांच के लिए सरकारी लैब भेजा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

पुलिस और ड्रग विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों को नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की अनियमितता से बचने की हिदायत दी है।

महराजगंज में कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

पुलिस का बयान

इस मामले को लेकर एएसपी सिद्धार्थ ने बताया कि जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी मेडिकल स्टोर पर नियमों का उल्लंघन या खराब गुणवत्ता वाली दवाओं की बिक्री सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिले में चले इस अभियान के बाद मेडिकल स्टोर संचालकों में सतर्कता बढ़ गई है। प्रशासन का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।

Location :  Maharajganj

Published :  30 September 2026, 2:00 AM IST