151 एक्टिव सिम और SIM Box बरामद, महाराजगंज में साइबर अपराधियों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश

महराजगंज पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बिहार निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 32 स्लॉट का SIM Box, 151 सक्रिय सिम कार्ड, फर्जी आधार कार्ड समेत कई हाईटेक उपकरण बरामद हुए हैं। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कार्रवाई करने वाली टीम को ₹25 हजार के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 29 July 2026, 7:47 PM IST
google-preferred

Maharajganj: जनपद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए SIM Box के माध्यम से संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बिहार के मधुबनी निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में सक्रिय सिम कार्ड, SIM Box और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को साइबर अपराध के विरुद्ध महराजगंज पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

स्वाट टीम ने की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा नोडल अधिकारी साइबर क्राइम एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे 'साइबर फ्रॉड/हॉटस्पॉट अभियान' के तहत साइबर थाना, एसओजी और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। क्षेत्राधिकारी साइबर शशीमौली पाण्डेय एवं प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना मोहम्मद रशीद खां के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार को वांछित अभियुक्त मो. नबीश (28 वर्ष) पुत्र मो. शाबिर, निवासी इस्लामपुर थाना जयनगर, जिला मधुबनी (बिहार) को गिरफ्तार किया।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल का WhatsApp हैक, 500 लोगों से 25-25 हजार रुपये मांगने की कोशिश

SIM Box का करता था संचालन 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फर्जी अथवा अन्य व्यक्तियों के दस्तावेजों पर लिए गए सक्रिय सिम कार्डों का उपयोग कर 32 स्लॉट वाले SIM Box का संचालन करता था। इसके जरिए इंटरनेट (VoIP) से आने वाली अंतरराष्ट्रीय कॉलों को स्थानीय मोबाइल कॉल में बदलकर भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाता था। इससे कॉल की वास्तविक लोकेशन छिप जाती थी और साइबर अपराधी आसानी से फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, डिजिटल ठगी तथा अन्य साइबर अपराधों को अंजाम देते थे। इस अवैध गतिविधि से दूरसंचार कंपनियों को भी राजस्व का भारी नुकसान पहुंच रहा था।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर DM सख्त, डॉक्टरों-बीसीपीएम को नोटिस; मानदेय रोकने के दिए आदेश

आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 स्लॉट का SIM Box, 151 सक्रिय सिम कार्ड, दो कीपैड मोबाइल फोन, तीन LAN केबल, दो पावर एडॉप्टर, एक वाई-फाई राउटर, दो फर्जी आधार कार्ड तथा एक काला बैग बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध साइबर क्राइम थाना महराजगंज में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय दूरसंचार अधिनियम-2023 तथा आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  29 July 2026, 7:47 PM IST

Related News

Advertisement