महराजगंज जिले में एक महिला के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रतीकात्मक चित्र
Maharajganj: जनपद के चौक नगर पंचायत क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक महिला को घर में अकेला पाकर एक युवक ने जबरन घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके परिजन दबंगई दिखाते हुए पीड़िता के घर पहुंच गए और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने लगे।
घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है, जब महिला घर में अकेली घरेलू काम कर रही थी। पति रोज़गार के सिलसिले में बाहर था और बच्चे स्कूल गए हुए थे। इसी दौरान एक युवक जबरन घर में घुसा और महिला को जमीन पर पटक कर उसके साथ अभद्रता करने लगा। पीड़िता ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाया, जिससे आरोपी घबरा गया और मौके से भाग निकला। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि अगर घटना की जानकारी किसी को दी गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
किसान ध्यान दें! ये पेड़ बना सकता है मालामाल, जानें क्यों सोने से भी महंगी बिकती है इसकी लकड़ी
कुछ समय बाद महिला का बेटा स्कूल से घर पहुंचा, जिसे पूरी घटना बताई गई। बच्चे के शोर मचाने पर आरोपी के परिवार के लोग वहां पहुंच गए और महिला व उसके बेटे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सभी ने मिलकर लात-घूंसों से हमला किया और दोबारा शिकायत करने पर हत्या और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि उसने तत्काल थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए। अगले दिन सुबह भी आरोपी पक्ष द्वारा महिला को दौड़ाकर मारने और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
इस घटना के मामले में थानेदार चौक ने बताया कि मामला जमीन से जुड़ा हुआ है और महिला जो आरोप लगा रही है वहां निराधार है। दोनों पक्ष को बुलाया गया है। जांच चल रही है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस सख्त कदम उठाती तो आरोपियों की दोबारा धमकी देने की हिम्मत नहीं होती। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़िता को सुरक्षा प्रदान की जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।