महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला की पैतृक जमीन हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि देवर ने ग्राम प्रधान समेत कई लोगों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की। कोर्ट के आदेश पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Symbolic Photo
Maharajganj: महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र से जमीन हड़पने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक विधवा महिला ने अपने ही देवर पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। मामला तब खुलकर सामने आया जब महिला ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने कानूनगो के मुंशी, ग्राम प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके में काफी चर्चा है और पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
मेघौली खुर्द गांव की रहने वाली गीता देवी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महराजगंज के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति अरविन्द गोंड की 1 सितंबर 2025 को मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद उनके देवर मुन्ना गोड़ ने कथित तौर पर जमीन पर कब्जा करने की साजिश शुरू कर दी। आरोप है कि मुन्ना गोड़ ने फर्जी हस्ताक्षर बनाकर जमीन को अपने नाम कराने की कोशिश की। पीड़िता का कहना है कि इस साजिश में ग्राम प्रधान इस्माइल समेत अन्य लोग भी शामिल थे। आरोपियों ने मिलकर एक कूटरचित दस्तावेज तैयार किया और दावा करने लगे कि उन्होंने 32 हजार रुपये में जमीन खरीद ली है।
गीता देवी के अनुसार जब वह अपने हिस्से की जमीन पर पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी गुहार लगाई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर आखिरकार उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने थाना निचलौल पुलिस को एफआईआर दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने मुन्ना गोड़, इस्माइल, पृथ्वीपाल, सुलेमान, जाकिर, मन्तू और रमाकांत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।