महराजगंज में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। तीसरे चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जिसमें फील्ड ट्रेनर्स को मोबाइल एप के जरिए मकानों के सूचीकरण और स्वगणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

जनगणना 2027 के लिए महराजगंज प्रशासन अलर्ट (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में जनगणना 2027 के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद संबंधित विभाग लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मियों को तैयार करने में जुटे हैं, ताकि जनगणना का कार्य समयबद्ध और सटीक तरीके से पूरा किया जा सके।
इसी क्रम में 24, 25 और 28 मार्च 2026 को आयोजित तीसरे चरण का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस चरण में 30 फील्ड ट्रेनर्स ने भाग लिया। कुल मिलाकर 90 ट्रेनर्स को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया गया, जिससे पूरे जनपद में कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन फील्ड ट्रेनर्स को मोबाइल एप के माध्यम से मकानों के सूचीकरण और जनगणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी की मौजूदगी में यह प्रशिक्षण आयोजित हुआ, जिसमें तकनीकी पहलुओं पर विशेष जोर दिया गया।
ट्रेनिंग के दौरान प्रशिक्षुओं को नगर पालिका परिषद महराजगंज क्षेत्र में भ्रमण कराया गया। यहां उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में घर-घर जाकर डेटा संग्रह की प्रक्रिया सिखाई गई। इससे उन्हें जनगणना के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान की बेहतर समझ मिली।
महराजगंज: फरेंदा विधायक ने धानी में किया चन्द्रा गुरुकुल एपीएस का उद्घाटन
प्रशिक्षण में स्वगणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से आमजन खुद अपने डेटा को दर्ज कर सकेंगे, जिससे कार्य की पारदर्शिता और गति दोनों बढ़ेगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य फील्ड ट्रेनर्स को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है, ताकि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा सके कि डेटा संग्रह की प्रक्रिया पूरी तरह सटीक और विश्वसनीय हो।
यह प्रशिक्षण जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और प्रशिक्षण को सफल बनाया। प्रशासन को उम्मीद है कि प्रशिक्षित टीम जनगणना 2027 को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।