उद्घाटन हुआ, फोटो खिंची… फिर उखड़ गई सड़क! महराजगंज की इस CC रोड ने खोल दी बड़े प्रशासन की पोल

महराजगंज में लाखों रुपये की लागत से बनी सीसी रोड उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद टूटने लगी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री इस्तेमाल होने का आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 May 2026, 10:38 AM IST

Maharajganj: महराजगंज जिले के बृजमनगंज ब्लॉक क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से बनी सीसी रोड अब सवालों के घेरे में आ गई है। सड़क का उद्घाटन हुए अभी कुछ ही दिन बीते थे कि सड़क जगह-जगह से टूटने और उखड़ने लगी। इस मामले ने ग्रामीणों के बीच नाराजगी बढ़ा दी है और अब लोग निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के आरोप लगा रहे हैं।

मात्र एक माह पहले बनी थी सड़क

मामला ग्राम पंचायत जिगिनिहा का है, जहां पीडब्ल्यूडी रोड से दीप्तिधर दूबे के घर तक सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। करीब चार लाख रुपये की लागत से बनी इस सड़क का निर्माण कार्य लगभग एक महीने पहले पूरा हुआ था। सड़क का लोकार्पण ब्लॉक प्रमुख क्षेत्र पंचायत बृजमनगंज उदयराज यादव द्वारा किया गया था। निर्माण स्थल पर लगे बोर्ड में इसका उल्लेख भी किया गया है।

कुछ दिनों में ही टूटने लगी सड़क

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के बाद शुरुआत में सब कुछ ठीक दिखाई दे रहा था, लेकिन कुछ ही दिनों में सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी। कई जगहों पर दरारें पड़ गईं और सड़क टूटकर बिखरने लगी।

मानसून से पहले नहीं पूरा हुआ कटहल नाला तो होगी बड़ी कार्रवाई! आखिर बलिया में ऐसा क्या हुआ?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। सड़क में इस्तेमाल की गई सामग्री बेहद घटिया थी, जिसकी वजह से सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई। लोगों का कहना है कि अगर निर्माण कार्य सही तरीके से किया गया होता तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होती।

ग्रामीणों में भारी नाराजगी

सड़क की हालत देखकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि सरकार गांवों के विकास के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण योजनाओं का लाभ जनता तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। लोगों ने कहा कि सड़क बनने के तुरंत बाद ही टूटना इस बात का साफ संकेत है कि निर्माण में भारी लापरवाही बरती गई।

स्थानीय निवासियों ने यह भी कहा कि अगर समय रहते मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो यह मामला भी अन्य मामलों की तरह दबा दिया जाएगा।

जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में जिन अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका रही है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क का दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। उनका कहना है कि गांव की यह सड़क कई परिवारों के लिए मुख्य मार्ग है और खराब सड़क के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

UP Police: यूपी पुलिस महकमे में बड़ा गतिरोध, प्रमोशन के बाद भी खाली हाथ बैठे हैं कई सीनियर IPS अफसर

विकास कार्यों पर उठ रहे सवाल

इस घटना के बाद इलाके में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क कुछ दिनों में ही टूट जाए तो आखिर सरकारी योजनाओं का फायदा किसे मिल रहा है।

Location :  Maharajganj

Published :  18 May 2026, 10:38 AM IST