
बृजमनगंज में सीओ का औचक निरीक्षण
Maharajganj: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुरेन्द्र कुमार चौधरी ने बुधवार सुबह बृजमनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में साफ-सफाई और रख-रखाव में गंभीर लापरवाही पाई गई, जिस पर सीएमओ ने अस्पताल अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई।
डॉ. चौधरी ने निरीक्षण के दौरान लेबर रूम, बीपीएमयू रूम, ओपीडी और फार्मासिस्ट रूम का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने दवाओं के रख-रखाव, रजिस्टरों की एंट्री, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और डॉक्टरों की उपस्थिति की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण में अस्पताल के मुख्य गेट पर टूटा हुआ कूड़ादान और परिसर के किनारों पर उगी घास देखकर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार गुप्ता को लापरवाही के लिए फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने मौके पर ही नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा से फोन पर बात की और अस्पताल परिसर की शीघ्र सफाई कराने को कहा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने नगर पंचायत द्वारा लगाए गए आरओ वाटर प्लांट के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को तत्काल हटवाने का आदेश दिया, इसे एक गंभीर सुरक्षा चूक बताया।निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सभी डॉक्टर और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज में मिलावटी भोजन बेचने वालों पर कसेगा शिकंजा, DM गौरव सिंह सोगरवाल के सख्त निर्देश
निरीक्षण के समय स्टेनो बिपुल कुमार यादव, अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार गुप्ता, डॉ. सुधीर पांडेय, डॉ. आफरीन कादिर, विनोद कुमार भारती, चंद्र प्रकाश चौधरी, देवेंद्र कुमार कनौजिया, अनवर हुसैन, शिव पूजन भार्गव, स्टाफ नर्स प्रमीना, ममता जायसवाल, प्रतिमा त्रिपाठी, नीतू पांडेय सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद थे।
Location : Maharajganj
Published : 8 July 2026, 9:07 PM IST