पूर्व विधायक अमन मणि राजनीतिक जमीन तलाशने पहुंचे पंकज चौधरी के पास, नौतनवा व फरेन्दा का राजनीतिक तापमान बढ़ा

विधानसभा चुनाव में 8 महीने का वक्त रह गया है इसको लेकर नेता अपने अपने दांव-पेंच चलने लगे हैं। इस वक्त खबर महराजगंज जिले के राजनीति की।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 10 April 2026, 1:37 PM IST
google-preferred

Maharajganj: नौतनवां विधानसभा सीट के पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मुलाकात की है। इस दौरान कहा जा रहा है कि स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में अटकलें लग रही हैं कि क्या अमन को भाजपा टिकट देगी या फिर यह सामान्य मुलाकात है।

बताया जा रहा है कि अमन इन दिनों किसी एक पार्टी में सुरक्षित ठिकाना ढूंढ रहे हैं। 2022 में वे बसपा से चुनाव लड़े लेकिन तीसरे स्थान पर चले गये।

2017 में नौतनवां से निर्दलीय विधायक चुने गए अमन मणि त्रिपाठी पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी के पुत्र हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में वे तीसरे स्थान पर रहे और बाद में वे कांग्रेस में शामिल हो गए। 2024 लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। अब विधानसभा चुनाव हारने के बाद वे अपनी सियासी जमीन तलाश रहे हैं। पंकज चौधरी से उनकी यह मुलाकात कई सवाल खड़े कर रही है। क्या अमन मणि त्रिपाठी भाजपा में शामिल होने वाले हैं? जिले के राजनीतिक विश्लेषक इस मुलाकात को 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं।

महराजगंज में खनन माफिया बेखौफ, खेतों से हो रही खुदाई; जानें क्या है पूरा मामला

फरेंदा या नौतनवां सीट पर टिकट की अटकलें

सबसे बड़ी चर्चा फरेंदा और नौतनवां विधानसभा सीटों को लेकर है। अगर अमन मणि त्रिपाठी भाजपा में शामिल होते हैं और उन्हें फरेंदा से टिकट मिलता है, तो पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह जिन्होंने 2007, 2012 और 2017 में भाजपा से फरेंदा से चुनाव जीता था उनकी स्थिति क्या होगी? बजरंग बहादुर सिंह अभी भी क्षेत्र में सक्रिय हैं और पार्टी के वफादार माने जाते हैं।

नौतनवा सीट पर भी अमन मणि का दावा मजबूत माना जा रहा है, क्योंकि वे पहले इस सीट से विधायक रह चुके हैं और त्रिपाठी परिवार का यहां पारंपरिक प्रभाव है। हालांकि, दोनों सीटों पर मौजूदा समीकरण जटिल हैं। फरेंदा में 2022 में बजरंगी सिंह कांग्रेस के वीरेंद्र चौधरी से महज 1246 वोटों से हारे थे, जबकि नौतनवां में अमन मणि तीसरे स्थान पर रहे थे।

महराजगंज में डीआईजी का सख्त संदेश, महिला सुरक्षा बनी पहली प्राथमिकता; पढ़ें पूरी खबर

हालांकि नौतनवा में अभी मौजूदा विधायक ऋषि त्रिपाठी सत्तारुढ़ भाजपा गठबंधन से हैं और उनकी पैठ हाईकमान के बीच काफी गहरी है लेकिन अंदरखाने खबर यह है कि प्रदेश अध्यक्ष से उनकी नहीं बनती है। ऐसे में नौतनवा विधानसभा में क्या समीकरण बैठेगा यह देखना दिलचस्प होगा। ऋषि त्रिपाठी ने ही पहली बार भाजपा को सीमावर्ती नौतनवा विधानसभा में अपने दम पर जीत दिलायी थी। यही कारण है कि उनकी दावेदारी सिटिंग विधायक होने की वजह से काफी मजबूत है।

अमन नौतनवा से ही चुनाव लड़ेंगे या फिर फरेन्दा भी वे जा सकते हैं, इसको लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। कहा यह भी जा रहा है कि अमन खुद नौतनवा तथा उनकी छोटी बहन फरेन्दा से चुनाव लड़ सकती हैं लेकिन कौन सा दल होगा, इस पर मणि परिवार ने अपने पत्ते अब तक नहीं खोले हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  10 April 2026, 1:37 PM IST

Advertisement