हिंदी
उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक (Image Source: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान डीआईजी ने चोरी, लूट, महिला उत्पीड़न, गौवध और गौ तस्करी जैसे गंभीर अपराधों का बिंदुवार विश्लेषण किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना स्तर पर सतर्कता बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जोर दिया गया। डीआईजी ने महिला हेल्पडेस्क को और सक्रिय करने, महिला बीट पुलिसिंग मजबूत करने और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन शक्ति, एंटी रोमियो स्क्वाड और यूपी-112 के रिस्पांस टाइम में सुधार लाने पर भी जोर दिया।
Gorakhpur News: सुरक्षित होंगी बहू-बेटियां, गोरखपुर से शुरू हो रहा बड़ा अभियान… जानें पूरी योजना
साइबर अपराध को एक बड़ी चुनौती बताते हुए डीआईजी ने जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबरों के व्यापक प्रचार-प्रसार और लोगों को डिजिटल ठगी से बचाने के लिए सतर्क करने के निर्देश दिए। साथ ही गांडीव, सुदर्शन, आई-गॉट कर्मयोगी पोर्टल, एनसीआरपी और यक्ष जैसे ऐप्स के प्रभावी उपयोग के लिए पुलिस कर्मियों को शत-प्रतिशत प्रशिक्षण देने की बात कही।
डीआईजी ने जनसुनवाई और आईजीआरएस के माध्यम से आने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर पीड़ित को समय पर न्याय मिलना चाहिए। लंबित मामलों को शीघ्र और निष्पक्ष तरीके से निपटाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट रिपोर्ट और किरायेदार सत्यापन जैसी पुलिस सेवाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। सीएम डैशबोर्ड की नियमित मॉनिटरिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता बनाए रखने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।
Gorakhpur: दीपक गुप्ता हत्याकांड का UP STF ने किया खुलासा, आरोपियों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
बैठक के दौरान आईजीआरएस निस्तारण में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने पर महराजगंज पुलिस की सराहना की गई। अंत में डीआईजी ने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी, सतर्कता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए कहा कि पुलिस की कार्यशैली ही जनता के विश्वास की सबसे बड़ी आधारशिला है।
Location : Maharajganj
Published : 9 April 2026, 11:02 PM IST