Gorakhpur News: सुरक्षित होंगी बहू-बेटियां, गोरखपुर से शुरू हो रहा बड़ा अभियान… जानें पूरी योजना

गोरखपुर में 10 अप्रैल 2026 को बहू–बेटी सम्मेलन के तहत एक अहम कार्यशाला आयोजित होगी। इस पहल का मकसद महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर रोक लगाना और एक मजबूत सुरक्षा तंत्र तैयार करना है। विभिन्न विभागों और संगठनों की भागीदारी से यह कार्यक्रम गांव से शहर तक सुरक्षा का नया मॉडल विकसित करेगा।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के  गोरखपुर में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। 10 अप्रैल 2026 को एनेक्सी सभागार में बहू–बेटी सम्मेलन के अंतर्गत एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलने वाली यह कार्यशाला सुरक्षा व्यवस्था के नए और प्रभावी मॉडल की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों जैसे घरेलू हिंसा, बाल विवाह, लैंगिक उत्पीड़न और शोषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। कार्यक्रम को थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से लागू किया जा रहा है, जिसमें यूनिसेफ का तकनीकी सहयोग भी शामिल है। यह सहयोग कार्यक्रम को और अधिक व्यवस्थित और प्रभावशाली बनाने में मदद करेगा।

चार जिलों में विकसित होगा मॉडल सुरक्षा तंत्र

गोरखपुर समेत चार प्रमुख जिलों जैसे महाराजगंज, संतकबीरनगर और बलरामपुर में इस योजना को एक मॉडल सुरक्षा तंत्र के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। खास बात यह है कि गोरखपुर में आयोजित यह पहली अभिमुखीकरण कार्यशाला है, जो आगे के पूरे कार्यक्रम की दिशा और रूपरेखा तय करेगी।

गाजीपुर में भीषण सड़क हादसा: टूरिस्ट बस बनी मौत का फंदा, 2 की मौत, 35 घायल

इस कार्यशाला में पुलिस विभाग के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला कल्याण, बाल संरक्षण, सामाजिक कल्याण, पंचायती राज, मानसिक स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जैसे कई विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भी अपनी जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा करेंगे।

गांव से शहर तक मजबूत होगा सुरक्षा ढांचा

बैठक के दौरान कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसमें विभागवार जिम्मेदारियां तय करने के साथ-साथ ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर संचालन की रणनीति पर भी विचार-विमर्श होगा। सामुदायिक सहभागिता को बढ़ाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

Gorakhpur: दीपक गुप्ता हत्याकांड का UP STF ने किया खुलासा, आरोपियों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

यह कार्यशाला केवल एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए एक मजबूत, समन्वित और स्थायी व्यवस्था बनाने की दिशा में निर्णायक पहल है।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 April 2026, 10:44 PM IST

Advertisement