Maharajganj Accident: चार युवकों की मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा, NH-730S पर लगाया जाम; मांग पर अड़े परिजन…

सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के बाद बुधवार को मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। दमकी स्थित भारत गैस गोदाम के समीप हुए हादसे से गुस्साए परिजनों ने NH-730S बरोहिया रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 19 August 2026, 11:49 AM IST

महराजगंज: निचलौल क्षेत्र में बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के बाद बुधवार को मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। दमकी स्थित भारत गैस गोदाम के समीप हुए हादसे से गुस्साए परिजनों ने NH-730S बरोहिया रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों की मांग है कि हादसे में जान गंवाने वाले युवकों के परिवारों को उचित क्षतिपूर्ति और मुआवजा दिया जाए तथा हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

चार युवकों की एक साथ मौत की खबर से इलाके में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि बीती रात भारत गैस गोदाम के पास डम्फर की चपेट में आने से चार युवकों की जान चली गई थी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद से ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

बुधवार को जब परिजन और ग्रामीण सड़क पर पहुंचे तो उन्होंने हादसे को लेकर अपना आक्रोश जताया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लगने लगी। प्रदर्शन कर रहे परिजनों का कहना है कि चार परिवारों ने अपने घर के युवाओं को खो दिया है। ऐसे में प्रशासन को पीड़ित परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल उचित मुआवजा उपलब्ध कराना चाहिए।

जाम की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन सक्रिय हो गया। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत शुरू की। एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता भी मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों को समझने और सड़क से जाम हटवाने का प्रयास किया। हालांकि परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

परिजनों की प्रमुख मांग है कि उन्हें जिलाधिकारी से सीधे बातचीत का अवसर दिया जाए और हादसे में मृत युवकों के परिवारों को क्षतिपूर्ति एवं मुआवजा दिलाया जाए। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे जाम समाप्त करने को तैयार नहीं हैं।

इधर, सड़क जाम होने से बरोहिया रोड पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है। अधिकारियों की ओर से लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत की जा रही है, ताकि मामले का समाधान निकाला जा सके और यातायात को सुचारू कराया जा सके।

Location :  Maharajganj

Published :  19 August 2026, 11:49 AM IST