हिंदी
इकाना में भारत-वेस्टइंडीज मैच (Img: Pinterest)
Lucknow: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 6 अक्टूबर को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच को देखते हुए लखनऊ में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। ट्रैफिक डायवर्जन प्लान दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगा। यातायात पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन को डायवर्ट किया है।
अयोध्या रोड से आने वाला सामान्य यातायात कमता तिराहे से शहीद पथ होकर सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड की तरफ नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन कमता तिराहा, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समतामूलक, लालबत्ती, करियप्पा, तेलीबाग, बाराबिरवा या इंदिरानगर चौराहा होते हुए किसान पथ का इस्तेमाल कर सकेंगे।
कानपुर रोड तिराहा से शहीद पथ होकर सुल्तानपुर, रायबरेली और अयोध्या रोड की ओर जाने वाला सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन बाराबिरवा, बंगलाबाजार, तेलीबाग, करियप्पा, लालबत्ती, 1090 चौराहा या दरोगाखेड़ा-किसान पथ के रास्ते जा सकेंगे।
सुल्तानपुर रोड से अहिमामऊ और अहिमामऊ से सुल्तानपुर रोड की तरफ भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को कबीरपुर तिराहे से किसान पथ के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं, सुल्तानपुर रोड की तरफ से आने वाला सामान्य यातायात अमूल तिराहे से अहिमामऊ की ओर नहीं जा सकेगा। इसे अमूल तिराहे से लुलु मॉल कटिंग होते हुए शहीद पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
भारत-अफगानिस्तान मुकाबले में क्यों खाली दिखी स्टेडियम की सीटें, यहां पढ़ें
उतरेठिया अंडरपास चौराहे से शहीद पथ होकर अहिमामऊ, कमता तिराहा और अयोध्या रोड की तरफ जाने वाले बड़े वाहन, बस और व्यावसायिक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इन्हें मोहनलालगंज, तेलीबाग, बाराबिरवा, करियप्पा या किसान पथ के रास्ते भेजा जाएगा।
हुसड़िया अंडरपास की ओर से आने वाला यातायात अहिमामऊ और शहीद पथ होते हुए कानपुर रोड तिराहा की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहनों को शहर के रास्ते 1090 चौराहा की तरफ भेजा जाएगा।
लालबत्ती चौराहे से बड़े वाहन अहिमामऊ, सुल्तानपुर, रायबरेली और कानपुर रोड की तरफ नहीं जा सकेंगे। इन्हें करियप्पा, तेलीबाग, बंगलाबाजार और बाराबिरवा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं, सीएमएस मोड़ सुल्तानपुर रोड से अहिमामऊ अंडरपास की तरफ सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को सीएमएस मोड़ से बाएं अंसल की तरफ भेजा जाएगा।
कमता से अहिमामऊ चौराहे पर यू-टर्न लेकर कैंट, पुलिस मुख्यालय और गोमतीनगर जाने वाले वाहनों को भी रोका जाएगा। ऐसे वाहन शहीद पथ पर सीधे जाकर मेदांता अस्पताल के पास यू-टर्न ले सकेंगे।
अहिमामऊ से प्लासियो की तरफ जाने वाला यातायात पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। वाहन अहिमामऊ चौराहे से एचसीएल तिराहा, संस्कृत तिराहा और ओवरहेड गोल चक्कर चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज और अन्य बसों के साथ व्यावसायिक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि निजी वाहन और किराये की टैक्सी-कारों पर रोक नहीं होगी। सिटी बसें चलेंगी, लेकिन हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर उनका ठहराव नहीं होगा।
इसके अलावा ई-रिक्शा शहीद पथ और सर्विस रोड पर प्रतिबंधित रहेंगे। ऑटो भी शहीद पथ पर नहीं चल सकेंगे। अहिमामऊ से 500 मीटर की परिधि में वाहनों से सवारी उतारने या बैठाने पर भी रोक रहेगी।
यातायात प्रतिबंधों के बीच आपात स्थिति में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन और स्कूली वाहनों को पुलिस की मदद से निकाला जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मैच के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का इस्तेमाल न करें और वैकल्पिक रास्तों से यात्रा करें।
Location : Lucknow
Published : 4 October 2026, 8:06 PM IST