
छात्राओं को जागरूक किया (img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तरप्रदेश के महाराजगंज जिले के कोल्हुई में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत महिला पुलिस अधिकारी ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं को सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, बालिका अधिकार और आपात स्थिति में पुलिस से सहायता लेने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
महिला दरोगा ने छात्राओं से कहा कि छेड़छाड़, धमकी, उत्पीड़न या किसी अन्य परेशानी की स्थिति में डरकर चुप रहने के बजाय तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना दें। उन्होंने महिला हेल्पलाइन और आपातकालीन पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को जरूरत पड़ने पर बेहिचक मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
साइबर अपराध से बचाव को लेकर छात्राओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर संपर्क नहीं करने, निजी जानकारी और ओटीपी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने के लिए कहा गया।
छात्राओं को सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा और ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी बरतने के महत्व के बारे में भी बताया गया।
महिला पुलिस अधिकारी ने छात्राओं से अपने अधिकारों को समझने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस से सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। विद्यालय प्रबंधन ने जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। इस दौरान शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
Location : Maharajganj
Published : 7 October 2026, 2:38 AM IST
Topics : Maharajganj maharajganj police UP News