77वें गणतंत्र दिवस पर कौशाम्बी में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुए। जिलाधिकारी डॉ अमित पाल ने कलेक्ट्रेट एवं पुलिस लाइन में झंडारोहण कर परेड की सलामी ली, स्वतंत्रता सेनानी परिजनों व उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।

जिलाधिकारी डॉ अमित पाल ने ली परेड की सलामी
Kaushambi: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद कौशाम्बी में पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ अमित पाल ने दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर गणतंत्र दिवस समारोह की अगुवाई की। उन्होंने सुबह कलेक्ट्रेट प्रांगण में झंडारोहण किया, वहीं इसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर परेड की सलामी ली।
जिलाधिकारी डॉ अमित पाल ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में उल्लिखित संकल्प की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों- न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व- को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।
इसके बाद उदयन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों- पार्वती देवी, पवन सिंह, अरिमर्दन सिंह, सुनील कुमार, अक्षय कुमार एवं गंगा प्रसाद-को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके योगदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
डीएम ने संविधान के प्रति निष्ठा का दिया संदेश
इसके उपरांत जिलाधिकारी डॉ अमित पाल ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने झंडारोहण कर परेड की सलामी ली तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। परेड के दौरान अनुशासन, एकरूपता और समर्पण का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला।
डीएम डॉ अमित पाल पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भारत न केवल विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, बल्कि लोकतंत्र की जननी भी है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय कई विदेशी शक्तियों ने यह आशंका जताई थी कि भारत एकजुट नहीं रह पाएगा, लेकिन हमारे संविधान और स्वतंत्रता सेनानियों की अथक मेहनत के कारण देश हर चुनौती से उबरकर आगे बढ़ता रहा है। संकट के समय संविधान ने सदैव देश को मार्गदर्शन प्रदान किया है, यही इसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ अमित पाल
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का जो संकल्प लिया गया है, उसे पूरा करने के लिए राष्ट्रीय चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति समर्पण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि शासकीय सेवा में रहते हुए अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें तथा किसी भी जरूरतमंद की सहायता के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें। यही संविधान और उसके निर्माताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर एवं ओम प्रकाश, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट आकाश सिंह एवं अजेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।