हिंदी
घटना में घायल लोग
Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में बृहस्पतिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। गंजडुंडवारा क्षेत्र के थाना सिकंदरपुर वैश्य इलाके के ग्राम नगला जैली के ग्रामीण एक रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने गए थे।
जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग ग्राम बरा जलालपुर से वापस लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे नरदोली-बहोरा मार्ग पर अचानक ट्रैक्टर का बंपर टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में बैठे लोग संभल भी नहीं पाए और हादसे ने भयावह रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रॉली पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
इस हादसे में 60 वर्षीय महाराज सिंह पुत्र प्यारे लाल, 50 वर्षीय मुकेश पुत्र तेजराम और राजेंद्र पुत्र पातीराम की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है।
Budaun Crime: मासूम से दरिंदगी के बाद आरोपी फरार, इलाके में भारी आक्रोश
वहीं, हादसे में विनीता (45), सुनीता (35) और बिजेंद्र (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के सिर और पैरों में गहरी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई थी जिसकी वजह से उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल भेजा गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल, क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा और प्रभारी निरीक्षक अजय वीर ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत कार्यों का निरीक्षण किया।
महराजगंज में डीआईजी का सख्त संदेश, महिला सुरक्षा बनी पहली प्राथमिकता; पढ़ें पूरी खबर
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद नगला जैली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में हर ओर मातम पसरा हुआ है और लोग इस अचानक हुए हादसे से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और वाहनों की जांच को लेकर सख्ती बरतने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Location : Kasganj
Published : 10 April 2026, 12:23 AM IST