Budaun Crime: मासूम से दरिंदगी के बाद आरोपी फरार, इलाके में भारी आक्रोश

बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल से घर लौटते समय आरोपी युवक ने बच्ची को बहला-फुसलाकर वारदात को अंजाम दिया। बच्ची गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 9 April 2026, 11:56 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के थाना बिल्सी क्षेत्र के एक गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। महज 6 साल की मासूम बच्ची, जो अपने परिजनों के साथ निजी अस्पताल से इलाज कराकर घर लौट रही थी, रास्ते में दरिंदगी का शिकार हो गई।

जानकारी के अनुसार, बच्ची किसी बीमारी के इलाज के सिलसिले में अपने परिवार के साथ अस्पताल गई थी। घर लौटते समय एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

कुछ देर बाद जब बच्ची की हालत बिगड़ने लगी, तब परिजनों को घटना का पता चला। मासूम की हालत देखकर परिवार में कोहराम मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

गंभीर हालत में बच्ची भर्ती

सूचना मिलते ही बिल्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की हालत अभी स्थिर नहीं है और उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं और POCSO एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

महराजगंज में खनन माफिया बेखौफ, खेतों से हो रही खुदाई; जानें क्या है पूरा मामला

घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक बदायूं ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़िता के परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है।

गांव में आक्रोश

इस घटना के बाद पूरे गांव में गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद शर्मनाक हैं और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

गाजीपुर में भीषण सड़क हादसा: टूरिस्ट बस बनी मौत का फंदा, 2 की मौत, 35 घायल

घटना की सूचना मिलते ही जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम भी अस्पताल पहुंची और बच्ची के परिजनों से मुलाकात की। टीम ने परिवार को हर संभव सहायता और सहयोग का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेगी।

Location :  Budaun

Published :  9 April 2026, 11:56 PM IST

Advertisement