कानपुर झकरकटी बस अड्डे का बदलेगा पूरा स्वरूप, 143 करोड़ की योजना पर जल्द शुरू होगा काम

कानपुर के झकरकटी बस अड्डे के पुनर्विकास की तैयारी तेज हो गई है। पीपीपी मॉडल के तहत बनने वाले नए बस अड्डे की डीपीआर और नक्शा लगभग फाइनल हो चुका है। पंजाब की कंपनी सीगल ने डिजाइन तैयार कर लिया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 June 2026, 4:15 PM IST

Kanpur: कानपुर के सबसे व्यस्त बस अड्डों में शामिल झकरकटी बस अड्डे को अब एक नई पहचान मिलने वाली है। लंबे समय से अटकी पुनर्विकास योजना को अब रफ्तार मिल गई है। बस अड्डे को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए तैयार की गई डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट यानी डीपीआर और नक्शा लगभग फाइनल हो चुका है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में निर्माण कार्य शुरू होने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ जाएगी।

झकरकटी बस अड्डे के पुनर्विकास के लिए चयनित पंजाब की कंपनी सीगल ने हाल ही में परिवहन निगम के लखनऊ स्थित मुख्यालय में अधिकारियों के सामने डीपीआर पेश की है। अधिकारियों की ओर से रिपोर्ट पर चर्चा के बाद अब अंतिम निर्णय की तैयारी चल रही है।

143 करोड़ रुपये से बदलेगा बस अड्डे का रूप

झकरकटी बस अड्डे का पुनर्विकास पीपीपी यानी पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत किया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 143 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परिवहन विभाग की योजना है कि नया बस अड्डा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाए। इसमें आधुनिक सुविधाएं, बेहतर यात्री व्यवस्था और बस संचालन को आसान बनाने वाली व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। करीब तीन साल पहले इस योजना की शुरुआत की गई थी, लेकिन बस अड्डे की शिफ्टिंग को लेकर लगातार अड़चनें आती रहीं। इसी वजह से अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। अब शिफ्टिंग के लिए जगह तय होने के बाद प्रोजेक्ट आगे बढ़ता नजर आ रहा है।

कौन है कानपुर के कृष्णा अग्रवाल? जो स्वीडन में गोथिया कप स्पेशल फुटबॉल टूर्नामेंट में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

बस अड्डे को शिफ्ट करने की तैयारी तेज

परिवहन निगम ने झकरकटी बस अड्डे को अस्थायी रूप से शिफ्ट करने के लिए सिग्नेचर सिटी और विकासनगर स्थित कार्यशाला को विकल्प के तौर पर चुना है। अधिकारियों का कहना है कि बस अड्डे को कंपनी को हैंडओवर करने की प्रक्रिया अगले महीने तक पूरी हो सकती है। इसके बाद कंपनी मौके पर निर्माण से जुड़ा काम शुरू कर सकेगी। फिलहाल कंपनी की ओर से मिट्टी परीक्षण का काम शुरू करा दिया गया है, जिससे जमीन की मजबूती और निर्माण की तकनीकी जरूरतों का आकलन किया जा सके।

तीन डिजाइन में से चुना जाएगा एक मॉडल

कंपनी की ओर से बस अड्डे के लिए तीन अलग-अलग डिजाइन तैयार किए गए हैं। इनमें से किसी एक डिजाइन को अंतिम मंजूरी दी जाएगी। सीगल कंपनी के प्रतिनिधि आरके सिंह ने बताया कि डीपीआर लगभग फाइनल हो चुकी है। अब सिर्फ डिजाइन को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के अंदर यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस डिजाइन पर काम किया जाएगा। नए डिजाइन में यात्रियों की सुविधा, बसों के संचालन और आने-जाने वाले लोगों की भीड़ को ध्यान में रखा गया है।

‘अच्छे रिश्ते’ की आड़ में जिस्मानी और रूहानी सौदा; कानपुर में पुलिस ने ऐसे जालसाज हसीनाओं का किया भंडाफोड़

तीन साल से इंतजार कर रहे थे कानपुरवासी

झकरकटी बस अड्डा कानपुर शहर के सबसे महत्वपूर्ण परिवहन केंद्रों में से एक है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। पुराने ढांचे और बढ़ती भीड़ के कारण लंबे समय से यहां सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग उठ रही थी। पुनर्विकास योजना शुरू होने के बाद शहरवासियों को उम्मीद थी कि जल्द ही नया बस अड्डा तैयार होगा, लेकिन जमीन और शिफ्टिंग से जुड़े मुद्दों के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पाया।

Location :  Kanpur

Published :  19 June 2026, 4:15 PM IST