हिंदी
पीड़ित परिवार (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Kanpur: जनपद कानपुर नगर के अरौल थाना क्षेत्र से इंसानियत और संवेदनशील पुलिसिंग की एक मिसाल सामने आई है, जहां एक महिला की दर्दभरी गुहार पर चौकी इंचार्ज ने न सिर्फ उसकी समस्या सुनी, बल्कि खुद आगे बढ़कर उसकी मदद भी की। इस पहल के बाद पुलिसकर्मी की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
मामला मकनपुर क्षेत्र का है, जहां रहने वाली शबीना नाम की महिला अपनी फरियाद लेकर पुलिस चौकी पहुंची थी। उसने बताया कि उसका पति शराब का आदी है और उसने घर का इकलौता गैस सिलेंडर भी शराब के लिए गिरवी रख दिया है। सिलेंडर न होने से घर में चूल्हा ठंडा पड़ा था और बच्चों को भूखे रहने की नौबत आ गई थी। महिला की यह स्थिति सुनकर चौकी इंचार्ज विशाल शर्मा भी भावुक हो उठे।
कानपुर देहात में बिजली व्यवस्था चरमराई, 200 गांवों में छाया अंधेरा, मचा हाहाकार
उन्होंने बिना देर किए अपनी जेब से 1200 रुपये निकाले और उस व्यक्ति के पास पहुंचे, जिसके पास सिलेंडर गिरवी रखा गया था। पैसे चुकाकर उन्होंने सिलेंडर वापस लिया और महिला को सौंप दिया।
सिलेंडर वापस मिलते ही शबीना की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े और बच्चों के चेहरे पर भी राहत साफ नजर आई। इस घटना के बाद क्षेत्र में चौकी इंचार्ज की मानवीय सोच की जमकर सराहना हो रही है।
कानपुर में एक फोन कॉल और फिर मौत! बहन के साथ भाइयों का आखिर हुआ क्या? जानिये पूरा मामला
उप निरीक्षक विशाल शर्मा की सोशल मीडिया पर सराहना
सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से वायरल हो रही है, जहां लोग पुलिस के इस रूप को सराहनीय बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर पुलिसकर्मी इसी तरह आम जनता के प्रति संवेदनशील रहें, तो पुलिस और जनता के बीच भरोसे की दूरी काफी हद तक कम हो सकती है।
यह घटना यह साबित करती है कि वर्दी के पीछे भी एक संवेदनशील इंसान होता है, जो जरूरत पड़ने पर दूसरों के दर्द को अपना समझकर मदद के लिए आगे आता है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 9 April 2026, 2:48 PM IST