
कानपुर के जाजमऊ का खौफनाक मंजर (Img: Dynamite News)
Kanpur: जाजमऊ के अशरफाबाद इलाके में शनिवार सुबह जूता फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस व दकमल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 2 घण्टे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के मुताबिक जाजमऊ अशरफाबाद स्थित सुल्तान कंपाउंड के सामने स्थित कामसेफ फैक्ट्री है जहां बताया जा रहा है कि सुबह करीब छह बजे धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री के अंदर रखा तैयार जूतों का स्टॉक व अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें देख लोगों ने सूचना पुलिस को दी।
यह भी पढ़ें - Kanpur Dehat News: आग की लपटों ने गरीब का सब कुछ तबाह कर दिया, पलभर में राख हुआ आशियाना
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में जूते और उनसे जुड़ी सामग्री का पर्याप्त स्टॉक मौजूद था। जिसके चलते आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस के साथ दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री के भीतर पहुंचकर अलग-अलग हिस्सों से आग बुझाने का काम किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फैक्ट्री मालिक के मुताबिक, कारखाने में तैयार जूतों की बड़ी खेप रखी हुई थी। इस माल को अगले महीने फैक्ट्री से बाहर भेजा जाना था, लेकिन आग में तैयार स्टॉक के साथ अन्य सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती तौर पर नुकसान लाखों रुपये का माना जा रहा है, हालांकि कुल आर्थिक क्षति कितनी हुई, इसका अभी अंतिम आकलन नहीं हो सका है।
यह भी पढ़ें - Kanpur Murder Case: 17 दिन बाद पुलिस रिमांड में शालू, दो आरोपियों से पूछताछ; खुलेंगे कई राज?
बीट प्रभारी अभिजीत पाठक ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फायर अधिकारी राहुल नंदन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका सामने आई है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस और फायर विभाग की टीम अब नुकसान का आकलन करने के साथ घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
Location : Kanpur
Published : 26 September 2026, 12:56 PM IST