कानपुर के बम्बा रोड पर बवाल; 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र स्थित बम्बा रोड पर मामूली विवाद में 17 वर्षीय हर्षित की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल किशोर को परिजन हैलट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने किसी रंजिश से इनकार किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 November 2026, 12:25 PM IST

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में मामूली विवाद के बाद 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना फजलगंज थाना क्षेत्र के बम्बा रोड की है, जहां देर रात कुछ लड़कों के बीच हुई कहासुनी के बाद हर्षित पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल हर्षित को परिजन आनन-फानन में हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि हत्या की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और फुटेज के आधार पर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

मामूली कहासुनी के बाद चाकू से हमला

जानकारी के मुताबिक, फजलगंज थाना क्षेत्र के बम्बा रोड निवासी 17 वर्षीय हर्षित देर रात अपने दोस्तों के साथ बाहर था। इसी दौरान कुछ लड़कों के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने हर्षित को चाकू मार दिया। चाकू लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

पहले अपहरण, फिर हत्या… मिर्जापुर में प्रिंस की मौत के बाद पुलिस पर उठे सवाल

घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने हर्षित के परिजनों को दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर हैलट अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों के मुताबिक, घटना के दौरान तीन से चार लड़के मौजूद थे। आरोप है कि सामने से चाकू से हमला किया गया था। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस जांच में जुटी (Image Source: Dynamite News)

न कोई रंजिश थी, न किसी से कोई विवाद

हर्षित के पिता महेश अहिरवार फजलगंज के बम्बा रोड पर परिवार के साथ रहते हैं। हर्षित उनका बड़ा बेटा था और एक कपड़े की दुकान में काम करता था। परिवार में पत्नी दुर्गा देवी और बेटियां गुनगुन व किट्टू भी हैं।

पिता महेश अहिरवार के मुताबिक, घटना के समय वह चाय पी रहे थे। इसी दौरान रात में कुछ युवकों ने उन्हें जानकारी दी कि उनका बेटा लहूलुहान हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और हर्षित को अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पिता का कहना है कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और न ही ऐसी कोई बात थी, जिसके कारण इस तरह की घटना हो। उन्होंने बताया कि छुट्टी होने के कारण हर्षित अपने दोस्तों के साथ बाहर घूम रहा था। स्थानीय पड़ोसियों के मुताबिक, विवाद में शामिल युवक एक-दूसरे के परिचित थे, लेकिन झगड़े की असल वजह के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। फिलहाल किसी पुरानी रंजिश की बात भी सामने नहीं आई है।

मरका यमुना पुल पर ओवरलोड मौरंग ट्रकों की मनमानी, दो नौजवानों की मौत के बाद भी नहीं चेता प्रशासन

CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी स्वरूप नगर समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। इसके बाद हर्षित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में वारदात कैद होने की बात सामने आने के बाद पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है। 

Location :  Kanpur

Published :  11 November 2026, 12:25 PM IST