
झींझक में मां शेरावाली का भव्य दरबार
Kanpur Dehat: रोशनी से जगमगाता पंडाल, मां शेरावाली का भव्य दरबार, चारों ओर गूंजते जयकारे और भजनों पर झूमते श्रद्धालु... बुधवार की रात कानपुर देहात कस्बा झींझक का भोलानगर कुछ इसी तरह मां भगवती की भक्ति में डूबा नजर आया।
कंचौसी मोड़ स्थित भोलानगर में शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन 14वें मां भगवती रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। मां के दरबार में मत्था टेकने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा।
11 अक्टूबर को मां भगवती की प्रतिमा की स्थापना के साथ शुरू हुए धार्मिक आयोजन के क्रम में बुधवार रात जागरण हुआ। मां शेरावाली के दरबार में पहुंचे भक्तों ने हाथ जोड़कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं।
भक्ति गीतों के बीच कभी तालियों की गूंज सुनाई दी तो कभी पूरा पंडाल ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने मां का आशीर्वाद लिया।
भजनों पर देर रात तक थिरके श्रद्धालु
कानपुर से पहुंची जागरण पार्टी के कलाकारों ने श्रद्धालुओं का दिल जीता
जागरण में अनिल कैलाश जागरण पार्टी कानपुर की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों ने भक्ति गीतों के साथ धार्मिक प्रसंगों पर आधारित मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। मंच पर सजे मां के विभिन्न स्वरूपों और धार्मिक दृश्यों को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। देर रात तक भजनों और झांकियों का सिलसिला चलता रहा।
सुरक्षा व्यवस्था में पहुंची पुलिस ने लिया मां भगवती का आशीर्वाद
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौजूद रही। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव और वरिष्ठ उप निरीक्षक राम सिंह ने मां भगवती की आरती उतारी और आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों ने दिया बड़ा सहयोग
जागरण को सफल बनाने में मुकुल शुक्ला, दीपू यादव, हृदेश त्रिपाठी, अंशू यादव, प्रबुद्ध श्रमशील, रविंद्र पालीवाल, अनमोल गुप्ता, लखन श्रीवास्तव, नितिन राजा गुप्ता, सोना गुप्ता समेत कमेटी के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। देर रात तक श्रद्धालु मां भगवती की भक्ति में लीन रहे।
Location : Kanpur Dehat
Published : 15 October 2026, 12:55 AM IST